बदायूं। सोमवार शाम इस्लामनगर थाना क्षेत्र के नूरपुर पिनौनी गांव में कुछ शराबियों ने एक सिपाही से मारपीट कर दी। घटना के बाद पुलिस ने धरपकड़ कर कुछ लोगों को पकड़ लिया। सीओ ने इनके खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। बताते हैं कि सोमवार शाम के समय एक सिपाही और दरोगा नूरपुर पिनौनी में इस्लामनगर सहसवान रोड पर सार्वजनिक शौचालय के नजदीक से गुजर रहे थे। उन्होंने देखा कि कुछ लोग सार्वजनिक शौचालय के नजदीक बैठे शराब पी रहे थे। ये देखकर सिपाही ने उन्हें टोक दिया। कहा कि सार्वजनिक स्थल पर शराब क्यों पी रहे हो। इस पर नाराज हुए शराबियों ने सिपाही के साथ मारपीट कर दी। दरोगा ने बचाने की कोशिश की पर शराबी काफी आक्रामक हो गए थे।
दरोगा ने इसकी सूचना तत्काल थाने पर दी। यहां से थोड़ी ही देर में काफी संख्या में पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देखकर शराबी भागने लगे। पुलिस ने इनमें से कुछ को पकड़ लिया जबकि बाकी आरोपी फरार हो गए। देर रात तक इस मामले में रिपोर्ट नहीं हो सकी थी। हालांकि सीओ बिल्सी अनिरुद्ध सिंह ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा कि शराबियों द्वारा सिपाही से अभद्रता की सूचना मिली है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।