बदायूं। दातागंज कोतवाली में विधायक के पड़ोसी सराफ को पकड़कर कोतवाली में बैठाने और पांच हजार रुपये लेकर छोड़ने के मामले में आखिरकार दरोगा ओमपाल और सिपाही प्रभात पर गाज गिर ही गई। मामले की जांच सीओ दातागंज कर रहे थे। उन्होंने शाम के समय रिपोर्ट सौंपी। जिस पर शुक्रवार देर रात एसएसपी ने उन्हें निलंबित कर दिया।
तीन दिन पहले प्रभारी कोतवाल ओमपाल सिंह ने दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भइया के पड़ोसी सराफ प्रिंस गुप्ता को कोतवाली बुलाकर बैठा लिया था। इस पर विधायक के बेटे ने अपने नजदीकी व्यक्ति को कोतवाली भेजा। उसकी कोतवाली में तैनात सिपाही प्रभात से मुलाकात हुई। उसने दरोगा के कहने पर पांच हजार रुपये लेकर प्रिंस गुप्ता को छोड़ा था। प्रिंस को यह नहीं बताया कि उन्हें क्यों पकड़ा गया था और क्यों कोतवाली में बैठाया गया। इस संबंध में प्रिंस गुप्ता ने एसएसपी संकल्प शर्मा को इसकी जानकारी दी। इस पर एसएसपी ने एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान से जांच कराई। जिसमें दोनों पुलिस कर्मी दोषी पाए गए।
इस पर दरोगा और सिपाही के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई। इसके अलावा विभागीय जांच सीओ दातागंज बल्देव सिंह कर रहे थे। उन्होंने शुक्रवार शाम इसकी रिपोर्ट सौंपी। जिस पर एसएसपी संकल्प शर्मा ने शुक्रवार देर रात दोनों को निलंबित कर दिया।
-
विभागीय जांच सीओ दातागंज कर रहे थे। उन्होंने इसकी रिपोर्ट सौंप दी है। इस पर दरोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
-संकल्प शर्मा, एसएसपी