बदायूं। बिसौली थाने की दबतोरी चौकी क्षेत्र के कई गांव ऑनलाइन ठगी और हवाला के धंधे के लिए चर्चित हैं। सैदपुर कस्बे के जालसाज ने दिल्ली में बैठकर गुजरात के व्यक्ति से 68 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी। सूरत से आई पुलिस ने शनिवार सुबह आरोपी को उसके घर से दबोच लिया और अपने साथ ले गई।
गुजरात के सूरत जिले की पुलिस शनिवार सुबह वजीरगंज थाने पहुंची। इस टीम में शामिल पुलिस कर्मियों ने बताया कि सैदपुर निवासी अब्दुल मन्नान नाम का व्यक्ति 68 लाख रुपये की ठगी के मामले में वांछित है। आरोप है कि अब्दुल मन्नान दिल्ली में रहकर ऑनलाइन ठगी करता था। उसका एक साथी कुछ दिन पहले पकड़ा गया था। इन दोनों ने सूरत जिले के एक व्यक्ति से 68 लाख रुपये ठगे थे। जब उस व्यक्ति को अहसास हुआ तो उसने मोबाइल नंबर और बैंक एकाउंट के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई। इसकी छानबीन शुरू हुई तो अब्दुल मन्नान का साथी दिल्ली से पकड़ा गया था। जबकि अब्दुल मन्नान दिल्ली से भागकर सैदपुर आ गया था।
इस पर सूरत पुलिस ने वजीरगंज पुलिस के सहयोग से सैदपुर कस्बे में दबिश दी। पुलिस को आरोपी अपने में मिल गया। पुलिस आरोपी मन्नान को पकड़कर पहले वजीरगंज थाने ले गई। इसके बाद सूरत पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई। इधर, बताया जा रहा है कि युवक दिल्ली में रहकर बीसीए की पढ़ाई कर रहा था। उसके परिवार वालों का कहना है कि अब्दुल मन्नान को इसमें गलत फंसाया गया है। उसका साथी इसमें नामजद था। उसी ने मन्नान का नाम कबूला है।