दातागंज (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव नौनी में मंगलवार रात एक ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार वालों का आरोप है कि उसने गांव में ही एक व्यक्ति के यहां अवैध शराब पी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव नौनी निवासी सत्यपाल (50) पुत्र ठकुरी चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह मनमौजी प्रवृत्ति का था। परिवार वालों के मुताबिक गांव में दो-तीन स्थानों पर अवैध शराब बनाने का धंधा जोरों पर चल रहा है। रोजाना रात को यहां मेला सा लगता है। उनमें से एक व्यक्ति के यहां ही सत्यपाल रह रहा था। वहीं शराब पीता और वहीं काम करता था। आरोप है कि सत्यपाल ने मंगलवार रात भी जमकर शराब पी। जब उसे ज्यादा नशा हो गया तो शराब बनाने वाले उसे जंगल में डाल आए। इसकी सूचना पर पहुंचे परिवार वाले उसे रात में ही घर ले गए। फिर उसे नशे में समझकर परिवार वाले सो गए। परिजन का कहना है कि बुधवार सुबह जब वे उठे तो सत्यपाल चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
एक दिन पहले पकड़कर छोड़े शराब तस्कर
जिस गांव में व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने एक दिन पहले गांव में छापा मारकर एक व्यक्ति को शराब बनाते हुए पकड़ा था। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस की उससे सांठगांठ हो गई, जिससे पुलिस ने उसे छोड़ दिया।
ग्रामीण काफी कमजोर था। पहले से बीमार भी था। उसकी साधारण मौत हुई है, फिर भी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट में जो भी आएगा और विभिन्न पहलुओं पर जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
-संजय कुमार सिंह, इंस्पेक्टर दातागंज