वजीरगंज (बदायूं)। नगर में रेत भंडारण करना कई लोगों को महंगा पड़ गया। एडीएम प्रशासन और एसपी देहात उन पर शिकंजा कसते हुए दो लोगों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है तो वहीं 16 लोगों को नोटिस दिया गया है।
शनिवार को एडीएम प्रशासन रामनिवास शर्मा, एसपी देहात डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह, खनन इंस्पेक्टर और एसओ प्रदीप यादव ने नगर में सड़क किनारे फैले रेत भंडारण का जायजा लिया। उन्हें लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं कि सड़क किनारे लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। जहां-तहां रेत भंडारण किया है। इससे लोगों को निकलने तक में दिक्कत आ रही है। जैसे ही अधिकारी रेत भंडारण चेक करने पहुंचे कि मौके पर हड़कंप मच गया। कई अतिक्रमणकारी दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें छोड़कर भाग गए। अधिकारियों ने रेत भंडारण करने वाले व्यापारी संजय वार्ष्णेय से लीगल कागज मांगे गए लेकिन वे नहीं दिखा पाए। इससे नाराज एसपी देहात ने रेत जब्त करा लिया और व्यापारी पर पांच हजार रुपये का जुर्माना डाला। वहीं व्यापारी नरेश भी कोई कागजात नहीं दिखा पाए। उन पर भी पांच हजार रुपये का जुर्माना डाला गया है। उनके अलावा 16 अन्य अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया है। व्यापारियों को अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई है। इससे व्यापारियों में अफरातफरी का माहौल रहा।
ओरछी। शनिवार को एडीएम प्रशासन राम निवास शर्मा और एसपीआरए सुरेंद्र प्रताप सिंह अचानक कस्बे में पहुंचे। उन्होंने सड़क किनारे लगी दुकान स्वामियों को अपनी हद में दुकानों को चलाने की हिदायत दी। साथ ही कहा कि जो टिनशेड दुकानों के आगे लगा रखी है। उन्हें तुरंत हटाया जाए। इसी दौरान व्यापारी कौशल नंदन ने ओरछी चौराहे पर विकास के संबंध में होने वाले खर्च को स्वयं उठाने की बात कही। इस मौके पर कोतवाल राम नरेश वर्मा आदि मौजूद रहे।