कोरोना जांच के लिए जिला अस्पताल में सैंपल लेता स्वास्थ्य कर्मी। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। जिले में बृहस्पतिवार को कोरोना का कोई नया मरीज नहीं मिला। छह अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को 1730 लोगों के सैंपल लिए गए। इनकी जांच रिपोर्ट बृहस्पतिवार को आई है। कई दिन के बाद ऐसा है कि 1730 लोगों की जांच में कोई नया रोगी नहीं मिला है।
जून के अंतिम सप्ताह से जिले में एकाएक कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ने लगा था। इस दौरान एक-एक दिन में पांच-पांच संक्रमित मिले थे। इस समय जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या दस है। बृहस्पतिवार को कोई संक्रमित स्वस्थ नहीं हुआ। सभी दस संक्रमित होम क्वारंटीन हैं। बुधवार को जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टैंड समेत छह स्थानों पर 1730 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें 889 लोगों की आरटीपीसीआर और 837 की एंटीजन जांच की गई। कोई नया संक्रमित सामने नहीं आया। बृहस्पतिवार को भी 1810 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनकी रिपोर्ट शुक्रवार को आएगी।
कांट्रैक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफिसर कोविड- 19 डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले में सक्रिय संक्रमित दस रहे। सभी संक्रमित होम क्वारंटीन है। इनकी स्थिति सामान्य है। बृहस्पतिवार को कोई नया संक्रमित नहीं मिला है।
-
12 से 14 वर्ष आयु वर्ग में बढ़ेगी टीकाकरण की रफ्तार
स्कूल-कॉलेज खुलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने 12 से 14 और 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने की तैयारी कर ली है। इसके लिए स्कूल-कॉलेजों में टीकाकरण कैंप लगाए जाएंगे। दरअसल, 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग में 1.32 लाख और 15 से 17 आयु वर्ग में 2.19 लाख छात्र-छात्राओं को टीका लगाया जाना है। पहले टीके के मामले में तो यहां स्थिति ठीक है, मगर दूसरे टीके के मामले में बदायूं अब भी काफी पिछड़ा हुआ है। ऐसे में दूसरा टीका लगवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्कूल-कॉलेजों में टीकाकरण कैंप की रूपरेखा तैयार की गई है। सोमवार से स्कूल-कॉलेजों में कैंप लगाने पर विचार किया जा रहा हे। नोडल अधिकारी टीकाकरण डॉ. मोहम्मद असलम का कहना है कि स्कूल-कॉलेज बंद होने के कारण दूसरे टीके की रफ्तार कम हुई थी। अब कैंपों के आयोजन से फिर से रफ्तार बढ़ेगी।