बदायूं। पिछले सप्ताह नए मिलने वाले कोरोना संक्रमितों की संख्या में कुछ इजाफा होने के बाद अब फिर से हालात सामान्य हो रहे हैं। उम्मीद है कि मार्च का पहला सप्ताह खत्म होने तक जिला कोरोना मुक्त हो जाएगा। रविवार को जिले में एक भी संक्रमित नहीं मिला है। इसके साथ ही जिले में सक्रिय संक्रमितों की संख्या घटकर 12 पर आ गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शनिवार को जिले में 1442 लोगों के सैंपल लिए थे। इनकी जांच रिपोर्ट रविवार को आई है। इनमें एक भी व्यक्ति को संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। रविवार को चार रोगी स्वस्थ भी हुए हैं। अस्पताल में भर्ती एक रोगी को भी स्वस्थ होने के बाद छुट्टी मिल गई है। जिले में अब सक्रिय संक्रमितों की संख्या 12 हो गई है। इनमें एक संक्रमित का इलाज चल रहा है जबकि 11 संक्रमित होम क्वारंटीन हैं। जिले में शुक्रवार को भी कोई रोगी नहीं मिला था। शनिवार को कलान के एक व्यक्ति को संक्रमण की पुष्टि हुई थी। कांट्रैक्ट एंड ट्रेसिंग ऑफिसर कोविड-19 डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि जिला तेजी से संक्रमण मुक्त होने की ओर बढ़ रहा है। मार्च का पहला सप्ताह खत्म होने तक सक्रिय संक्रमितों की संख्या शून्य पर आने की उम्मीद है। संवाद