बदायूं। जिला कोरोना मुक्त होने पर लोग पूरी तरह लापरवाह हो गए। जबकि चिकित्सा विशेष कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका जता चुके हैं। जिले में 20 दिन बाद अचानक तीन लोग संक्रमित मिलने से खतरा बढ़ने की आशंका है। तीनों संक्रमित अलग-अलग क्षेत्र के रहने वाले हैं, जो खरीदारी करने के लिए शहर आए थे। शहर में प्राइवेट बस स्टैंड के सामने कैंप में जांच होने पर तीनों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने तीनों की तलाश शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को प्राइवेट बस स्टैंड के सामने कैंप लगाकर करीब दो सौ राहगीरों के सैंपल लिए। कैंप सुबह दस से अपराह्न तीन बजे तक चला। सभी की रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से जांच कराई गई तो तीन राहगीरों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। हालांकि जांच रिपोर्ट आने से पहले संक्रमित कैंप से जा चुके थे। कैंप में दर्ज किए गए रिकार्ड के मुताबिक संक्रमित पाए जाने वालों में एक व्यक्ति अलापुर कस्बे का है, जो शहर में खरीदारी करने के बाद अपने घर लौट रहा था। दूसरा संक्रमित म्याऊ का रहने वाला है। वहीं तीसरा व्यक्ति हजरतपुर इलाके के कोड़ा सैंजनी गांव का निवासी है। वह शहर से सामान खरीदने के बाद अपने घर लौट रहा था।
देहात के तीन अलग-अलग स्थानों के संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया और तीनों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारी इस बात का पता लगने की कोशिश में हैं कि तीनों अपने घर रहते हैं या रक्षाबंधन पर बाहर से आए थे। उनके संपर्क में कौन-कौन लोग आए इसका भी पता लगाया जाएगा।
अब टीम को नहीं दी जाती पीपीई किट
कोरोना संक्रमण की शुरुआत में बिना पीपीई किट के सैंपलिंग नहीं कराई जाती थी। मगर अब स्वास्थ्य विभाग इसमें लापरवाही बरतने लगा है। सैंपलिंग करने वाली टीम को पीपीई किट नहीं दी जा रही है। इससे टीम में शामिल कर्मचारी बिना पीपीई किट के सैंपल लेने को मजबूर हैं। तीन लोगों के संक्रमित मिलने से कर्मचारियों के लिए भी खतरा बढ़ गया है।
पुलिस ने रात में बंद कराईं दुकानें
बदायूं। एक दिन में तीन संक्रमित मिलने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। बृहस्पतिवार रात आठ बजे सीओ सिटी ने शहर में घूमकर दुकानदारों को कोविड नियमों को लेकर चेतावनी दी। फिर दस बजे तक पूरा मार्केट बंद करा दिया।
सीओ सिटी चंद्रपाल सिंह और कोतवाली इंस्पेक्टर बृहस्पतिवार रात आठ बजे ही छह सड़का पहुंच गए। पहले उन्होंने बाजार में भ्रमण करते हुए गाड़ी में लगे लाउडस्पीकर माध्यम से व्यापारियों और दुकानदारों को चेतावनी दी। सभी को कहा कि रात दस बजे तक अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दें। अगर दस बजे के बाद कोई दुकान खुली मिली या फिर लोग घूमते हुए तो उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। रात साढ़े नौ बजे तक उन्होंने कोतवाली इलाके के छह सड़का, घंटाघर, पुराना बाजार, टिकटगंज, गोपी चौक, नेहरू चौक, लावेला चौक समेत पूरा मार्केट में भ्रमण किया और दुकानदारों को चेतावनी दी। फिर दस बजे के बाद दुकानों का चेकिंग अभियान चलाया गया। इससे रात नौ बजे ही शहर में दुकानों के शटर गिरने शुरू हो गए। साढ़े नौ बजे तक अधिकतर दुकानें बंद हो गईं।
कोरोना संक्रमण को लेकर रात दस बजे से सुबह छह बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू है। कुछ दिनों से जिले में कोई कोरोना पॉजिटिव नहीं निकला था। बृहस्पतिवार को तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे उनके संपर्क में आने वालों को ट्रेस कराया जा रहा है। फिर भी सभी लोग सावधानी बरतें। कोरोना गाइड लाइन का पालन जरूर करें। मास्क लगाएं और वैक्सीन जरूर लगवाएं।- दीपा रंजन, डीएम
कोरोना गाइड लाइन वही है। सिर्फ लोगों को इसके नियम का पालन करना है। अधिकतर लोग इसका पालन नहीं कर रहे हैं। इससे उन्हें नुकसान हो सकता है। अभी मास्क लगाना न भूलें, अपने हाथों को सैनिटाइजेशन जरूर करें। भीड़भाड़ वाली जगहों पर न जाएं। ठंडी चीजों से परहेज करें। इस समय मौसम बदल रहा है। ऐसे में सावधानी बरतने की वैसे भी जरूरत है।- डॉ. नितिन कुमार सिंह, ईएमओ जिला अस्पताल
शहर में प्राइवेट बस स्टैंड के सामने कैंप लगाकर राहगीरों की जांच कराई गई। इसमें तीन लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। उन्हें तलाश करने के लिए टीमें लगा दी हैं। पता चलते ही उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया जाएगा। सभी लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। कोविड नियम के अनुसार सभी कार्य करें। सामाजिक दूरी बनाने के साथ मास्क लगाएं और सैनिटाइजर का प्रयोग करें। - डॉ. विक्रम सिंह पुंडीर, सीएमओ