तालाब खोदाई का काम देखतीं डीएम। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। गर्मी में पशु पक्षियों को राहत देने व जलस्तर बढ़ाने के लिए तालाब की खोदाई तेज गति से कराने के डीएम ने निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि मानसून आने से पहले तालाब खोदाई का काम पूरा कर लिया जाए, ताकि बरसात का पानी इन तालाबों में भर जाए। इन तालाबों के किनारे पेड़-पौधे भी लगाए जाएं और वहां पर प्रकाश व्यवस्था व बैठने के लिए बेंच भी डाली जाएं।
मंगलवार को डीएम दीपा रंजन सीडीओ ऋषिराज के साथ सहसवान के गांव कौल्हार, डकारा पुख्ता और ब्लॉक दहगवां के धोबर खेड़ा व उस्मानपुर पहुंचीं। यहां पर अमृत सरोवर योजना के तहत मनरेगा से हो रहे तालाब खोदाई के कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने निर्देश दिए कि मानसून आने से पहले श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर तालाबों की खोदाई का काम पूरा करा लें।
मनरेगा मजदूरों में समूहों की महिलाओं की भी सहभागिता अवश्य होनी चाहिए। तालाबों के पास सुंदरता बढ़ाने के लिए वॉल पेंटिंग, पौधरोपण, बैठने के बेंच, छाया व प्रकाश की व्यवस्था की जाए। मत्स्य पालन के लिए पट्टे किए जाएं।
डीएम ने गांव कौल्हार व डकारा पुख्ता के पंचायत भवनों में बने पुस्तकालयों का भी निरीक्षण किया। इसके बाद में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं व बीसी सखियों के साथ पंचायत भवन में बैठक की। बैठक में डीएम ने कहा कि अपना लेनदेन अच्छा रखें, सभी प्रकार की देनदारी समय से करें।