बदायूं। शासन के निर्देश पर जिले में जनप्रतिनिधियों की निगरानी में राशन का वितरण किया गया। इस बार राशन कार्ड धारकों को निशुल्क राशन के अलावा एक किलो चना, नमक और तेल भी दिया गया। इस दौरान अधिकारी लगातार निरीक्षण करते रहे। नगर क्षेत्र के उचित दर विक्रेता की दुकान पर राज्यमंत्री महेश चंद गुप्ता ने अपनी निगरानी में राशन का वितरण कराया।
प्रदेश सरकार ने दिसंबर से मार्च तक प्रत्येक माह राशन कार्ड धारकों को गेहूं, चावल के साथ तेल, चना व नमक देने की घोषणा की है। एक यूनिट पर तीन किलो गेहूं, दो किलो चावल और प्रत्येक राशन कार्ड पर एक लीटर केरोसिन, एक किलो चना व एक किलो नमक में दिया जाएगा। 12 से 20 दिसंबर तक राशन वितरण की घोषणा की है।
12 दिसंबर को राशन वितरण का शुभारंभ नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद गुप्ता ने किया। राज्यमंत्री ने अन्त्योदय व पात्र गृृहस्थी कार्डधारकों को गेहूं, चावल, नमक, चना, खाद्य तेल बंटवाया। राज्यमंत्री द्वारा 10 कार्डधारकों को राशन का वितरण किया गया। उन्होंने इस दौरान भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे कामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर डीएसओ रमन मिश्रा भी मौजूद रहे। वहीं गांव रुपापुर में कोटेदार वीरपाल द्वारा ब्लॉक प्रमुख जगत यादवेंद्र शाक्य की मौजूदगी में राशन का वितरण किया गया। लाभारी में कोटेदार रवींद्र कुमार शाक्य ने ब्लॉक प्रमुख कादरचौक रविंद्र कुमार शाक्य की मौजूदगी में राशन बांटा। जिले में अन्य स्थानों पर भी इसी प्रकार जनप्रतिनिधियों की निगरानी में राशन बांटा गया।
-----
बिसौली में नहीं हुआ राशन का वितरण
बिसौली। विभागीय लापरवाही के चलते पूरे तहसील क्षेत्र में निशुल्क राशन वितरण कार्यक्रम रविवार से शुरू नहीं हो पाया। क्षेत्र के राशन डीलरों तक तेल, चना और नमक की सप्लाई पहुंच पाने की वजह से हजारों उपभोक्ताओं के साथ कई स्थानों पर सूचना के अभाव में जनप्रतिनिधियों को भी बैरंग होना पड़ा।
योगी सरकार ने दिसंबर से कार्डधारकों को निशुल्क राशन के साथ एक लीटर तेल, एक किलो चना व एक किलो नमक देने की घोषणा की थी। शासन ने वितरण के लिए 12 दिसंबर की तिथि भी निर्धारित कर दी। पहले दिन राशन वितरण के लिए जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के भी निर्देश मिले थे। रविवार को तहसील क्षेत्र के राशन वितरकों की दुकानों पर उपभोक्ताओं की भीड़ भी लग गई। कई दुकानों पर तो जनप्रतिनिधि भी वितरण कराने पहुंच गए। पता चला कि नमक समेत कुछ वस्तुओं की सप्लाई न आने की वजह से आज वितरण नहीं हो पाएगा। वहीं आसफपुर ब्लॉक क्षेत्र में तो कई इलाकों में बड़ी संख्या में कोटेदारों को अनाज भी उपलब्ध नहीं हो पाया।
पूर्ति निरीक्षक शुभ्रा मिश्रा ने बताया कि पूरे तहसील क्षेत्र में नमक का उठान न हो पाने की वजह से निर्धारित तिथि को वितरण की औपचारिकता पूरी नहीं हो सकी है। नमक की सप्लाई आते ही जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वितरण करा दिया जाएगा।
-
डीलर की दुकान पर गए, लेकिन काफी देर इंतजार के बाद पता चला कि आज राशन नहीं बंटेगा। अब सोमवार को भी मिल पाएगा या नहीं कोटेदार ने अनभिज्ञता जताई।
-नरेश रस्तोगी ग्राम बसई
-
रविवार को अनाज के साथ तेल, दाल और नमक मिलने की बात बताई थी। हम दुकान पर गए तो कोटेदार ने मना कर दिया। अब कब मिलेगा राशन यह भी नहीं बताया।’ - गुलाम साबिर, वार्ड संख्या 15