बदायूं। मुख्यमंत्री ने जिलों की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए अफसरों को दो माह का वक्त दिया था। सिस्टम की सुस्ती कहें या ठेकेदारों की लापरवाही जो एक माह निकलने के बाद भी शहर की सड़कें गड्ढ़ा मुक्त नहीं हो सकी हैं। जहां गड्ढे भरवाए भी गए हैं वहां निर्माण की स्थिति इतनी घटिया है कि पैबंदों का जल्द उखड़ना तय है। जो सड़कें सही कही जा रहीं हैं उनकी हालत अच्छी नहीं है। ऐसे में लोगों को आवागमन में दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
जिले की सड़कों के हालत किसी से छिपे नहीं हैं। अधिकतर सड़कें गड्ढायुक्त हो चुकी हैं। ऐसे में लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। कई बार लोग इन गड्ढों की वजह से चोटिल भी हो चुके हैं। यही हाल प्रदेश के अन्य जिलों का भी है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग की ओर से जिले में 969 किमी सड़क का चयन किया गया, जिसे पैचमुक्त किया जाना था। शासन से निर्देश मिलने के बाद में 15 सितंबर से जिले में सड़कों को पैचमुक्त कराने का काम शुरू किया गया। शुरुआत मेें काम तेजी से हुआ था, लेकिन अब पैचवर्क के काम में लापरवाही देखने को मिल रही है।
आलम यह है कि शहर में ही लोक निर्माण विभाग की काफी सड़कें अभी गड्ढामुक्त नहीं हो सकी हैं। देहात की तो तमाम सड़कें अभियान की जद् में आई ही नहीं हैं। शहर की जिन सड़कों को गड्ढा मुक्त किया गया है वहां पर पैचवर्क का काम बेहद ही घटिया है। गड्ढों में से मिट्टी तक नहीं निकाली जा रही है। साथ ही पैचवर्क के बाद में आसपास की उखड़ी पड़ी बजरी वहीं छोड़ दी दिया गया है। ऐसे में दोपहिया वाहन फिसल रहे हैं।
-
ये हैं शहर की लोक निर्माण विभाग की सड़कें
-लालपुल से कचहरी, नेकपुर, पीडब्यूडी होते हुए गौरी शंकर मंदिर को जानी वाली सड़क
-ओवरब्रिज से आवास विकास होते हुए गौरी शंकर मंदिर को जानी वाली सड़क
-खेड़ा नवादा से पथिक चौक होते हुए लालपुल को जानी वाली सड़क
-खेड़ा नवादा से हर प्रसाद सिंह मंदिर, दातागंज तिराहा, इंदिरा चौक होते हुए कचहरी को जोड़ने वाली सड़क
-चामुुंडा चौक से शेखूपुर को जाने वाली सड़क
-
क्या बोले लोग
सड़कों में गड्ढ़े बहुत हो गए हैं, कुछ जगहों पर सड़क का नामोनिशान तक नहीं बचा है। हर तरफ गड्ढे या फिर उखड़ी पड़ी सड़क ही दिखाई देती हैं। इससे काफी दिक्कत होती है।
- तृप्ति वर्मा
---------------
टूटी सड़कें होने की वजह से आने जाने में काफी दिक्कत होती है। अधिकारियों को इस ओर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। खासतौर पर आवास विकास से अलापुर वाला रोड काफी खराब है।
- वंदना
-----------
सड़कों के हालात किसी से नहीं छिपे हैं, अब पैचवर्क का काम लोक निर्माण विभाग करा रहा है। इसमें गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। ऐसे में जल्द ही ये सड़क फिर से खराब हो जाएंगी।
- मनमोहन सिंह राठौर
-
जिधर देखो उधर सड़कों में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इससे काफी दिक्कत हो रही थी। अब अधिकारी इन रोड को सही करने में लगे हैं। यह काम बेहद धीमी गति हो रहा है।
- आनंद कुमार
शासन की ओर से सड़कों को गड्ढों से मुक्त करने का आदेश दिया गया है। इसके तहत पैचवर्क का काम जिले में चल रहा हैं, संबंधित स्टाफ को निर्देशित किया है कि वे गुणवत्तापूर्वक पैचवर्क का काम करें। अगर कहीं पर कमी मिली तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- अमर सिंह, एक्सईएन/नोडल अधिकारी पीडब्ल्यूडी