नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने अधिकारियों के साथ बैठक ली। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। शहर में पथिक चौक, मंडी समिति और पड़ोस के गांव सिरसा में लंबे अरसे से चली आ रही जलभराव की समस्या से लोगों को जल्द ही निजात मिल जाएगी। इस समस्या को लेकर शुक्रवार को राज्यमंत्री महेश चंद गुप्ता ने अपने आवास पर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। साथ ही जल्द प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।
शहर के पथिक चौक से बिरुआवाड़ी मंदिर को जाने वाली सड़क-अलापुर रोड पर मंडी समिति के पास स्थित कॉलोनी में मुख्य सड़क पर जलभराव हो जाता है। इसी तरह गांव सिरसा ठेर में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। तीनों स्थानों पर जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने से यह समस्या बनी हुई है। मामूली बरसात होने पर इन स्थानों पर जलभराव हो जाने से लोगों को आवागमन में काफी कठिनाई होती है। लोगों ने इस समस्या को लेकर राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता को अवगत कराया।
इसको लेकर राज्यमंत्री ने स्वयं तीनों स्थानों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शुक्रवार को उन्होंने अपने आवास पर पीडब्ल्यूडी, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग, नगर पालिका परिषद और तहसील सदर के अधिकारियों के साथ बैठक ली। राज्यमंत्री ने तीनों स्थानों पर जल निकासी के संबंध में विस्तार से चर्चा की। कहा कि समस्या काफी गंभीर है। समस्या का जल्द निराकरण होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों के प्रस्ताव बनाकर देने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम सदर लाल बहादुर, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अमर सिंह, आरईएस के अधिशासी अभियंता राजेंद्र सिंह मौजूद रहे। संवाद