बदायूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी व पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। साथ ही प्रदेश में दो लाख 853 लाभार्थियों के खाते में बटन दबाकर 1341.17 करोड़ रुपये ऑनलाइन हस्तांतरित किए। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उनके साथ नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन और नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता मौजूद रहे। इस योजना के तहत बदायूं जिले के 2654 लाभार्थियों को पीएम आवास योजना शहरी की पहली किस्त मिली है।
कलक्ट्रेट में शेखूपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य और पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्भियों को योजना का लाभ दिया गया। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों के साथ में लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ लखनऊ में मुख्यमंत्री ने किया। इसका लाइव प्रसारण कलक्ट्रेट में दिखाया गया। इसमें मुख्यमंत्री ने प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत दो लाख 853 लाभार्थियों के 1341 करोड़ रुपये से अधिक धनराशि वितरित की है। इसमें प्रथम, द्वितीय व तृतीय किस्त की धनराशि शामिल है। नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में गरीबों के जीवन स्तर के उन्नयन के लिए मुख्यमंत्री सदा संकल्पित रहते हैं, जिसके क्रम में आज दो लाख से अधिक परिवारों को आवास योजना शहरी के तहत आवास निर्माण के लिए तेरह सौ करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उनके खातों में हस्तांतरित की गई है। इसके तहत बदायूं जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के 2654 लाभार्थियों को प्रथम किस्त, 1008 लाभार्थियों को द्वितीय किस्त और 2339 लाभार्थियों को तृतीय किस्त दी गई।
शेखुपुर विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि पिछली सरकारों में गरीबों को दिए जाने वाले राशन को माफिया लेते थे, इसके लिए अंगूठा लगाकर राशन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। यह व्यवस्था भी बदायूं से ही सही तरीके से लागू की गई। पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल ने कहा कि भाजपा सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को पूरा करने का कार्य कर रही है, उनका सपना था कि शासन की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे गरीब व्यक्ति तक पहुंचे।
प्रधानमंत्री आवास समेत कई योजनाओं का महत्व समझाया
उझानी (बदायूं)। नगर पालिका परिषद सभागार में लगे शिविर में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत नगर विकास मंत्रालय से जुड़े मंत्रियों आशुतोष टंडन और महेश चंद्र गुप्ता ने लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के बारे में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री और मंत्रियों के विचार सुनने के लिए पालिका प्रशासन की ओर से एलईडी लगाई गई। नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) और पालिका के अफसरों ने भी लाभार्थियों से जानकारी की। इस मौके पर व्यापारी नेता मुरली मनोहर सिंघल, पालिका के सफाई निरीक्षक हरीश त्यागी, जलकल प्रभारी नफीस अहमद, लेखाकार राजकुमार गुप्ता, संजय शर्मा, दीपक कुमार, पालिका सदस्य धर्मवीर यादव, अब्दुल हसन, कप्तान सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद