बिल्सी। उझानी स्थित बिजली उपकेंद्र में लगा केबल बॉक्स फटने से नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब 15 घंटे तक ठप रही। इसके कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बुधवार रात करीब पौने तीन बजे उझानी उपकेंद्र में मुख्य लाइन पर लगे केबिल बॉक्स के अचानक से फट जाने के बाद मुख्य लाइन में ब्रेकडाउन हो गया। इसके कारण नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब 15 घंटे तक ठप रही। दिन में साढ़े पांच बजे तक लाइन में हुए फाल्ट को दूर कर सप्लाई को सुचारु किया गया। इस दौरान लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यहां तक लोगों के मोबाइल भी डाउन होकर बंद हो गए थे। साथ ही पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। नगर के लोगों का कहना है कि उझानी बिल्सी के मध्य आए दिन मुख्य लाइन में आएं दिन मामूली हवा एवं बरसात के कारण फाल्ट होते रहते हैं। इससे नगर क्षेत्र की बिजली कई-कई घंटे तक बाधित रहती है। नगरवासियों ने नगर क्षेत्र के बिजली उपकेंद्र को आ रही मुख्य लाइन को उझानी पावर स्टेशन से हटवाकर उलैया-हैदलपुर पावर स्टेशन से जुड़वाए जाने की मांग की है। इधर जेई धर्मात्मा कुमार ने बताया कि मुख्य लाइन में आएं फाल्ट को ठीक कर आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।
बिजली कटौती को लेकर सपाइयों ने किया प्रदर्शन
बिल्सी। नगर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से चल रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। बृहस्पतिवार को समाजवादी लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने बिजनौर-बदायूं हाईवे पर बिजली कटौती को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस मौके पर नगर अध्यक्ष इकरार अहमद ने कहा कि बिजली कटौती और जर्जर लाइनों की वजह से होने वाले फाल्ट से लोग आजिज आ चुके हैं। लगातार कई घंटे बिजली गायब रहने से लोगों को तमाम तरह की दिक्कतें होती हैं। रात को बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। सुबह को बिजली कटौती होने से लोग पानी के लिए परेशान रहते हैं। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती शीघ्र बंद होना चाहिए। इस मौके पर ताहिर हुसैन, विजय पाल, लल्लू खां, इकराम, अरविंद राजपूत, शाहरुख, वीरेंद्र पाल, हिमांशु, आरिफ आदि मौजूद रहे।