बदायूं। कोरोना संक्रमण की पहले लहर ने बाजार की लगभग कमर तोड़ दी थी। दूसरी लहर ने भी इस साल के चार महीने खराब कर दिए। इसके बाद लंबे समय से शनिवार और रविवार को बंदी के कारण बाजार उभर नहीं पा रहा था। त्योहारी सीजन के मद्देनजर सरकार ने शनिवार को बाजार खोलने की अनुमति देदी। अब पहले की तरह रविवार को ही बंदी रहेगी। चार महीने के बाद शनिवार को बाजार खुला तो काफी रौनक दिखी। लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के साथ ही रक्षाबंधन के लिए भी खरीदारी की।
-
राष्ट्रध्वज और स्वतंत्रता के प्रतीकों की खूब हुई बिक्री
रविवार को देश 75 वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। शनिवार को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बाजार खुले तो जगह-जगह दुकानों पर राष्ट्रध्वज और स्वतंत्रता के प्रतीकों की खूब बिक्री हुई। छात्र-छात्राओं ने छोटा तिरंगा और तिरंगे से बनीं पट्टियां, स्टीकर आदि खरीदे। वहीं बड़े तिरंगे की भी खूब बिक्री हुई। शिक्षक संस्थानों के साथ समाजसेवियों सरकारी संस्थानों में भी रविवार को स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के लिए तिरंगा खरीदा गया।
-
राखियों की दुकानें सजीं, बाजारों में त्योहारी रौनक
रक्षाबंधन में भी अब ज्यादा दिन शेष नहीं हैं। बाजारों में रक्षा बंधन के लिए खरीदारी शुरू हो गई है। शनिवार को बाजार खुले तो जगह-जगह राखियों की दुकानें सजी दिखीं। महिलाओं और युवतियों ने राखियों की खरीदारी की। राखी विक्रेता राजेश पटवा का कहना है कि रक्षाबंधन से एक सप्ताह पहले शनिवार की बंदी खत्म होने के बाद बाजार को रफ्तार मिलेगी। शनिवार को पहले दिन से ही इसका असर भी दिखने लगा है। अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
-
लोग बोले-कोरोना को लेकर एहतियात अब भी जरूरी
कोरोना संक्रमण पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। तीसरी लहर का अब खतरा बना हुआ है। ऐसे में व्यापारियों के साथ आम लोगों को भी कोरोना गाइड लाइन का पालन करना चाहिए। सभी को चाहिए कि एहतियात से काम लें।
-कौशल कुमार, युवा
-
त्योहारी सीजन और स्वतंत्रता दिवस से पहले सरकार ने शनिवार की छुट्टी खत्म कर व्यापारियों के हित में निर्णय लिया है। अब व्यापारियों के साथ आम लोगों को भी देखना होगा कि लापरवाही न हो। सावधानी और प्रोटोकाल का पालन होना जरूरी है।
-श्याम ब्रजेश, व्यापारी
-
कोरोना की पहली लहर से ज्यादा दूसरी लहर ने नुकसान पहुंचाया था। अब तीसरी लहर का खतरा है। कहा जा रहा है कि तीसरी लहर इससे भी ज्यादा खतरनाक होगी। फिर से हालात खराब न हों इसके लिए व्यापारियों और आम लोगों सभी की जिम्मेदारी है।
-फिरोज खान, व्यापारी
-
कोरोना की पहली और दूसरी लहर में गांव में जनजीवन काफी प्रभावित हुआ था। अब तक शनिवार और रविवार दो दिन बाजार बंद रहते थे। अब सिर्फ रविवार को ही बंदी रहेगी। इससे ग्रामीणों की मुश्किलें भी काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
-हरपाल, ग्रामीण
-
शनिवार को भी बाजार खुलेंगे, लेकिन व्यापारियों के साथ आम लोगों के लिए भी जरूरी है कि कोविड गाइड लाइन का पालन करें। लापरवाही करने और कोविड गाइड लाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- अमित कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट