बदायूं। सहसवान थाना क्षेत्र के गांव मंगली की मढ़ैया में जमीन की पैमाइश को लेकर हुए विवाद के बाद एक परिवार पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने छह आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़ित शिवनारायण ने पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि 4 जुलाई की रात करीब नौ बजे गांव के ही छह लोग लाठी-डंडों के साथ उनके घर में जबरन घुस आए। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची उनकी वृद्ध मां और भाभी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं।
आरोप है कि हमलावरों ने अवैध हथियार से हवाई फायरिंग कर परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित का कहना है कि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत की। सहसवान पुलिस ने देवेंद्र, भारत सिंह, नन्हे, महेंद्र, रोहित और जोगेंद्र के खिलाफ घर में घुसने, मारपीट, दंगा करने की धाराओं में केस दर्ज किया।
सीओ सहसवान ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। संवाद