एडीएम ने प्राचार्यों साथ बैठक कर दिए दिशा निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग की स्वीप योजना अंतर्गत सभी डिग्री कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित कराने के लिए कॉलेजों में स्वीप कोओर्डिनेटर्स एवं कैंपस एंबेसडर्स बनाए जाएंगे। एक जनवरी 2017 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाला कोई भी युवक, युवती मतदाता बनने से वंचित न रहे, इसलिए शहरी, नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी हवलदार यादव ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में स्वीप कार्यक्रम के प्रभारी अधिकारी जिला राजस्व अधिकारी रणविजय सिंह सहित सभी एसडीएम, तहसीलदारों और समस्त महाविद्यालयों एवं तकनीकी कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ बैठक की। उन्होंने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की फोटोयुक्त वोटर लिस्ट में सभी पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने, मृृतक मतदाताओं का नाम कटवाने तथा संशोधन आदि के कार्य में सहयोग करने की अपील की। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया मतदाता सूचियों में महिलाओं के प्रतिशत को बढ़ाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने डिग्री कालेजों के विद्यार्थियों के माध्यम से पोस्टर, भाषण, स्लोगन, रंगोली आदि प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश देते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं की रैली तथा मानव शृंखला का भी आयोजन किया जाए। इसकी एक सीडी तैयार कर उन्हें उपलब्ध कराई जाए, जिससे यह तय किया जा सके कि किस कॉलेज द्वारा सबसे अच्छा कार्य किया गया है।
एडीएम ने उप जिलाधिकारियों को हिदायत दी कि वह अपने क्षेत्र में पोस्टर एवं बैनर और नारे लेखन का कार्य कराकर स्वीप कार्यक्रम का प्रचार प्रसार कराएं। प्रिंट तथा इलेक्ट्रानिक मीडिया का सहयोग लें। कॉलेज के अलावा विद्यार्थी अपने पास पड़ोस तथा रिश्तेदारी में देख लें कि कोई पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। बैठक में सहसवान के एसडीएम हरीशंकर यादव, बिसौली के एसडीएम आरडी राम, डीआईओएस राकेश कुमार, बीएसए प्रेमचंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी और प्राचार्य मौजूद रहे।
ईंट भट्ठों पर भी चलाएं जागरूकता अभियान
बदायूं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी हवलदार यादव ने एसडीएम तथा तहसीलदारों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले मुख्य बाजारों, रामलीला महोत्सव तथा क्षेत्र के ईंट भट्ठों पर काम करने वाले श्रमिकों को जागरूक कर मतदाता सूची में उनके नाम शामिल कराए जाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। मतदाताओं को जागरूक कर प्रयास किए जाए कि वह लोकतंत्र को मजबूत बनाने को मतदान अवश्य करें। वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने के लिए आयु प्रमाण पत्र के रूप में स्कूल, कॉलेजों के अभिलेखों को ही वरीयता दी जाए। उन्होंने डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों से अपेक्षा की है कि वह अपने कॉलेज के ऐसे छात्र-छात्राओं की सूची तैयार करा लें, जिनका नाम अभी तक वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हुआ हो, तो उनके द्वारा दिए गए पते के आधार पर बीएलओ से जांच कराकर उन्हें मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
बदायूं। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की फोटोयुक्त मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए सीधे अथवा जन सुविधा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन भी आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा दूसरा माध्यम मतदेय स्थल पर तैनात बीएलओ और तहसील कार्यालयों में स्थापित मतदाता पंजीकरण केंद्र पर भी आवेदन किया जा सकता है। मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य को अन्य दिनों के अतिरिक्त नौ तथा 23 अक्तूबर को विशेष अभियान के तहत सभी बीएलओ, पदाभिहीत अधिकारी प्रात: दस से शाम चार बजे तक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर फार्म प्राप्त करेंगे।