पोस्टमॉर्टम हाउस पर जानकारी देते मृतक विजय के परिजन। संवाद
बिनावर (बदायूं)। शादी समारोह में शामिल होने आया बरेली का युवक सड़क हादसे में घायल हो गया। गश्त कर रहे पुलिस कर्मी सुबह पांच बजे उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसकी पहचान कराने के बाद परिजनों को सूचना दी और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमाॅर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बरेली के थाना भमोरा क्षेत्र के गांव नौगमा ठाकुरान निवासी विजय (32) बृहस्पतिवार को बाइक से अपनी साढू की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए शाम करीब पांच बजे निकले थे। वह न तो रिश्तेदारी में ही पहुंचे और न ही उनका फोन लगा तो परिजनों को चिंता हुई।
परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इधर, बिनावर थाना पुलिस कर्मी रात की गश्त खत्म कर सुबह करीब पांच बजे थाने लौट रहे थे तो बरेली-मथुरा हाईवे पर चौपाल सागर के पास बाइक समेत युवक सड़क के किनारे पड़ा मिला।
सूचना पर इंस्पेक्टर अशोक कुमार कंबोज भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसके पास मिले मोबाइल से परिजनाें को सूचना दी गई। इसके बाद परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए।