बिल्सी में हुए शाक्य-मौर्य समाज के चिंतन सम्मेलन में पंचासीन पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : BADAUN
बिल्सी। बदायूं रोड पर स्थित एक लॉन में सोमवार को शाक्य, कुशवाह, मौर्य, सैनी समाज सामाजिक संगठन के तत्वावधान में चिंतन सम्मेलन हुआ। इसमें 114-बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों से आए सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में एकजुटता पर जोर दिया गया।
भगवान बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया गया। यहां मुख्य वक्ता रहे तीर्थ प्रसाद मौर्य ने कहा कि कुछ पार्टियां स्थानीय नेताओं को दरकिनार कर बाहरी प्रत्याशी को क्षेत्र से लड़ाने का निर्णय लेने जा रहीं हैं। इससे शाक्य-मौर्य समाज के अधिकतर लोग सहमत नहीं हैं। राममूर्ति मौर्य ने कहा कि कुछ प्रत्याशी अपने दल के बजाय दूसरे दल के चुनाव चिह्न से लड़ने का विचार बना रहे हैं। यह स्थिति भी सही नहीं है। अपने ही दल के चिह्न से चुनाव लड़ना चाहिए।
रामेश्वर शाक्य ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को ही टिकट में वरीयता दी जानी चाहिए। अध्यक्षता कर रहे पूर्व प्रधान मेवाराम शाक्य ने समाज के लोगों में एकजुटता पर जोर दिया। कहा कि चुनावी माहौल में किसी के बहकावे में न आएं। सम्मेलन का संचालन स्वराज शाक्य ने किया। इस मौके पर सोवरन शाक्य, पप्पू मौर्य, सत्यपाल शाक्य, रामवीर मौर्य, मुन्नालाल मौर्य, ज्ञानचंद्र शाक्य व ओमकार शाक्य आदि मौजूद रहे। संवाद