उझानी (बदायूं)। किलाखेड़ा और साहूकारा मोहल्ले को बिल्सी रोड मार्केट से सहसवान रोड को जोड़ने वाली खस्ताहाल सड़क को लेकर रविवार को नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। कई नागरिकों ने सड़क पर आकर नगर पालिका परिषद के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी की। आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए मई में स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर नागरिकों ने पालिका परिसर में आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
बिल्सी रोड मार्केट से अयोध्या प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर होकर सहसवान रोड को जोड़ने वाली सड़क का करीब चार दशक पहले निर्माण हुआ था। तीन-चार साल से सड़क काफी खराब नजर हो गई। पालिका की ओर से हालांकि एक बार मरम्मत भी कराई थी लेकिन नालियां गहरे में चले जाने और सड़क की ऊंचाई एक जैसी नहीं होने की वजह से नागरिकों की दिक्कत बढ़ती गई। इसके बाद पालिका ने उच्चीकरण कराके सड़क बनवाने के लिए मंजूरी प्रदान कर दी। नागरिकों में प्रदीप कुमार गुप्ता और प्रमोद चौधरी के मुताबिक- जून में निर्माण कार्य शुरू हो गया। इसके बाद एक शिकायत पर पालिका ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। उसी समय से नालियां भी अधबनी पड़ी हैं।
रोज-रोज की परेशानी से गुस्साए नागरिकों ने रविवार को घरों से बाहर निकलकर नगर पालिका प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शन किया। काफी देर तक मौके पर डटे रहे नागरिकों की सुनने के लिए पालिका कर्मी नहीं पहुंचे तो उन्होंने निर्माण शुरू कराने के लिए ईओ के लिए ज्ञापन भेज दिया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि निर्माण शुरू होने से पहले पुरानी सड़क को उखड़वा दिया जाए। इसके बाद ही पूरी सड़क की ऊंचाई एक बराबर हो पाएगी। प्रदर्शनकारियों में छुट्टन, सुबोध कुमार, नत्थू, ध्रुव गुप्ता आदि शामिल थे।
पालिका सदस्य बोलीं- मैंने भेजा था सड़क का प्रस्ताव
नगर पालिका परिषद की सदस्य, भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष अनीता गुप्ता सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से आहत हैं। उन्होंने पति सत्येंद्र गुप्ता के साथ पैरोकारी करते हुए सड़क के जीर्णोद्धार के लिए प्रस्ताव पालिकाध्यक्ष पूनम अग्रवाल और तत्कालीन ईओ डीके राय के समक्ष पेश किया था। प्रस्ताव पर स्वीकृति से पहले एसडीएम सदर ने मौका मुआयना भी किया था। बकौल अनीता- इसी सड़क से दो इंटर कॉलेजों के लिए बच्चों की आवाजाही रहती है। नालियों ने दिक्कत बढ़ दी है। सड़क निर्माण शुरू कराने के लिए वह जिले के अफसरों से भी बात करेगीं।
इस मामले में पूरी जानकारी नहीं है। अवकाश होने की वजह से सोमवार को इसे लेकर निर्माण अनुभाग के कर्मियों से जानकारी करेंगे। किन कारणों से निर्माण रुका था, इसे लेकर ठेकेदार से भी जानकारी की जाएगी। नागरिकों को बेहतर सुविधा मुहैया कराएंगे। - जेपी यादव, ईओ