बदायूं। इस्लामनगर थाना क्षेत्र में मियांपुर दियोहरा के नजदीक साइकिल सवार को बचाने की कोशिश में टेंपो पलट गया। इसमें एक मासूम की मौत हो गई। जबकि साइकिल सवार समेत चार लोग घायल हो गया।
हादसा रविवार रात हुआ। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव महेरा निवासी छोटी उर्फ सर्वेश पत्नी ज्ञानप्रकाश, उनकी एक साल की बेटी नेमवती, लटूरी पुत्र हरनाम और छाया (12) पुत्री नवाब सिंह टेंपो से रिश्तेदारी में जा रहे थे। ये टेंपो इस्लामनगर थाना क्षेत्र में मियांपुर दियोहरा गांव के नजदीक पहुंचा ही था कि तभी एक साइकिल सवार सामने आ गया। जिसे बचाने की कोशिश में टेंपो सड़क पर पलट गया। इस हादसे में टेंपो सवार, साइकिल सवार दियोहरा निवासी भूरे उर्फ भूराज समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां देर रात मासूम नेमवती की मौत हो गई। परिवार वालों ने उसके शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। परिवारवाले उसका शव घर ले गए और सोमवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया। संवाद