सहसवान (बदायूं)। बुधवार को सहसवान कोतवाली क्षेत्र में महावा नदी में डूबकर एक किशोर की मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। करीब चार घंटे बाद उसके शव को नदी से बाहर निकाला जा सका।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव बड़ेरिया निवासी 12 साल का अजीत पुत्र छोटे बुधवार दोपहर अपने गांव के दोस्तों के साथ महावा नदी में नहाने गया था। बताते हैं कि सभी लड़के कपड़े उतारकर नहाने के लिए नदी में घुस गए। अजीत नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह डूब गया। उसके साथियों ने किशोर को बचाने की कोशिश की लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली। ये देखकर बच्चों ने गांव में जाकर इसकी सूचना दी। इस पर गांव के काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और महावा नदी में किशोर की तलाश शुरू करा दी। शाम चार बजे तक उसकी तलाश चलती रही। तब कहीं किशोर के शव को बाहर निकाला जा सका। परिवारवाले उसके शव को अपने घर ले गए हैं। उन्होंने किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। संवाद