बदायूं। सोमवार रात बाइक से दिल्ली से लौट रहे आंवला के युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। जबकि उसका मौसेरा भाई घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
आंवला कोतवाली क्षेत्र के गांव दरावनगर निवासी आरिफ (25) और उसका मौसेरा भाई सोहिल (15) निवासी रफियाबाद थाना बिनावर सोमवार रात बाइक से दिल्ली से लौट रहे थे। दोनों भाई दिल्ली में मजदूरी करते थे। वह दिवाली के अवकाश पर घर लौट रहे थे। इस दौरान वह हेलमेट नहीं लगाए थे। उनकी बाइक मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर बिसौली कोतवाली क्षेत्र में पहुंची थी। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में आरिफ की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सोहिल घायल हो गया। कुछ देर बाद उधर से निकल रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल सोहिल को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भेजया। सूचना पर युवक के परिवारवाले भी बिसौली पहुंच गए। मंगलवार दोपहर पुलिस ने आरिफ के शव का पोस्टमार्टम कराया। युवकों को किस वाहन ने टक्कर मारी थी, अभी इसका पता नहीं चला है। स्थानीय लोग किसी कार के टक्कर मारने का अनुमान लगा रहे हैं। संवाद