उसहैत (बदायूं)। थाना क्षेत्र के जाटी गांव में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। उसकी चपेट में आने से एक गाय की झुलसकर मौत हो गई। जबकि एक बछड़ा बाल-बाल बच गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मुआवजे की मांग की है।
हादसा मंगलवार रात का है। बताते हैं कि जाटी गांव निवासी राजकुमार यादव का सड़क किनारे मकान है। उनके घर के सामने पेड़ के नीचे झोंपड़ी में पशु बंधते हैं। मंगलवार रात झोंपड़ी में उनकी एक गाय और एक बछड़ा बंधा हुआ था। रात हवा चलने से अचानक हाईटेंशन लाइन का एक तार टूटकर झोंपड़ी पर गिर गया। इससे झोंपड़ी में आग लग गई और उसमें झुलसकर राजकुमार की गाय की मौत हो गई। जबकि बछड़ा बाल-बाल बच गया। तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी। इससे इंस्पेक्टर चेतराम वर्मा मौके पर पहुंच गए। जैसे तैसे सप्लाई बंद कराई गई। तब कहीं ग्रामीणों ने झोंपड़ी में लगी आग बुझाई। इस हादसे से ग्रामीणों में बेहद नाराजगी है। उन्होंने बिजली विभाग से मुआवजा देने की मांग की है।
-----------------
पांच दिन पहले बाबट में टूटकर गिरी थी हाईटेंशन लाइन
पांच दिन पहले कुंवरगांव थाना क्षेत्र के बाबट गांव में इसी तरह का हादसा हो गया था। हरिनगला निवासी किसान अपनी बैलगाड़ी लेकर हरा चारा काटने जा रहे थे। इसी दौरान बाबट गांव के खेतिहार इलाके में लाइन टूटकर गिर गई। इससे एक बैल की मौत हो गई। जबकि दूसरा बैल झुलस गया था। इसमें किसान बाल-बाल बच गया था। संवाद