उझानी। कासगंज के मूल निवासी व जेल पुलिस के सेवानिवृत सिपाही हरीओम दीक्षित के बाइक की डिक्की से चोरों ने दिनदहाड़े 5.50 लाख रुपये उड़ा दिए। चोरी गई रकम में चार लाख रुपये तो उन्होंने घटना से कुछ देर पहले ही बैंक से निकाले थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों को पकड़ने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं।
घटना बृहस्पतिवार दोपहर की है। कासगंज में सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव बहोरा निवासी हरीओम दीक्षित सेवानिवृत होने के बाद कस्बे में मकान का निर्माण करवा रहे हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से चार लाख रुपये निकाले। उनके पास डेढ़ लाख रुपये पहले से मौजूद थे। उन्होंने 5.50 लाख रुपये थैले में रखे और उसे बाइक की डिक्की में डाल लिया। उनके साथ बच्चे भी थे। उन्होंने घंटाघर चौराहे पर बाइक खड़ी की और बच्चों को ई- रिक्शा में बैठाने लगे।
उसी दौरान बाइक की डिक्की से चोरों ने नोटों से भरा थैला निकाल लिया। खाली डिक्की देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने आसपास के लोगों को बताया और चोरों की तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। देर शाम उन्होंने कोतवाली में जानकारी दी। पुलिस कर्मियों ने भी मौके पर जाकर तहकीकात की। इंस्पेक्टर (क्राइम) गुड्डू सिंह ने बताया कि हरीओम की ओर से अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करई गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखे गए हैं। एक कैमरे में कुछ सुराग भी मिला है। उसके आधार पर चोरों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बैंक के पास से ही पीछे लग गए थे चोर
बैंक से बाहर निकलने के बाद ही उन्होंने रुपयों का थैला बाइक की डिक्की में रखा था। पुलिस ने बताया कि काफी हद तक संभव है कि रेकी के बाद ही उनका पीछा किया गया हो। इसकी तह तक जाने के लिए पुलिस ने बैंक कर्मियों से परिसर में हरीओम की मौजूदगी के दौरान की फुटेज मांगी है।