उझानी (बदायूं)। नगर पालिका अध्यक्ष पद की सीट पर सपा की पूनम अग्रवाल ने एक बार फिर परचम लहरा कर लगातार जीत की हैट्रिक बना ली। उन्होंने भाजपा के शंकर गुप्ता को 2411 वोट से हराया। शंकर गुप्ता को 10674 वोट मिले। इधर, कछला में कांग्रेस प्रत्याशी नरेश यादव ने निर्दलीय उम्मीदवार जगदीश सिंह लौनिया चौहान को कड़े मुकाबले में 48 वोट से हरा दिया। नरेश पहली बार नगर पंचायत अध्यक्ष बने हैं।
उझानी नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए सुबह वोटों की गिनती शुरू हुई तो सपा की पूनम अग्रवाल ने बढ़त बनानी शुरू कर दी। छह राउंड की गणना के बाद उनके खाते में 13 हजार 85 वोट आए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के शंकर गुप्ता 10 हजार 674 वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। प्रमुख प्रत्याशियों में बसपा के पुरुषोत्तम दास वार्ष्णेय महज 1427 ही हासिल कर पाए। विजेता पूनम अग्रवाल पहले भी लगातार दो बार अध्यक्ष रह चुकी हैं। उनके पति मुलायम सिंह यादव की सरकार में प्रदेश के वित्त राज्यमंत्री रहे हैं। कछला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के नरेश यादव को 48 वोट से जीत मिली। उन्हें तत्कालीन अध्यक्ष पुष्पादेवी लौनिया चौहान के पति जगदीश सिंह ने टक्कर दी। जगदीश को 1011 वोट मिले। जबकि भाजपा के प्रत्याशी राजेश कुमार 931 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
---------------
नरेश यादव के सामने थे सपा से उनके भाई अनिल
उझानी। कछला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में यूं तो भाजपा, बसपा और निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में रहे लेकिन सपा ने कांग्रेस के प्रत्याशी नरेश यादव के सामने उनके भाई अनिल यादव को मैदान में उतारा था। अनिल 887 वोट पाकर भले ही चौथे स्थान पर रहे लेकिन नतीजा सामने आने से पहले तक लोग मानने लगे थे कि अनिल से ही नरेश का खेल खराब होगा लेकिन नरेश निर्दलीय प्रत्याशी जगदीश से मतगणना में दो बार पिछड़ कर भी जीत की दहलीज पर पहुंच गए। पिछले निकाय चुनाव में नरेश और अनिल की पत्नियों ने आमने-सामने आकर चुनाव लड़ा था। उस वक्त कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ीं पुष्पादेवी अध्यक्ष की कुर्सी हासिल करने में सफल हो गई थीं।
---------------
उझानी में प्रत्याशियों को मिले वोटों को ब्योरा
पूनम अग्रवाल (सपा) 13085
शंकर गुप्ता (भाजपा) 10674
पुरुषोत्तम दास वार्ष्णेय (बसपा) 1427
कैंसिल वोट 951
दुलीराम मौर्य 449
सद्दीक 404
रियासत खां 103
मुन्नालाल 50
मोहम्मद आरिफ 45
नोटा 28
-----------------
कछला नगर पंचायत की तस्वीर
नरेश यादव (कांग्रेस) 1059
जगदीश सिंह (निर्दलीय) 1011
राजेश कुमार (भाजपा) 931
अनिल यादव (सपा) 887
कुंवरपाल (आप) 493
अशोक कुमार (निर्दलीय) 290
चंदन कश्यप (बसपा) 123
नोटा 16