बदायूं। जिला अस्पताल में आंधी तूफान में गिरे शीशम के पेड़ की कीमती लकड़ी अब गायब हो गई है। इससे कर्मचारियों के बीच खलबली मची है। वहीं कुछ बची लकड़ी के टुकड़ें पत्तों के आड़ में छुपाकर रखे गए हैं। वहीं सीएमएस का कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो कार्रवाई की जाएगी।
लगभग 10 दिन पहले जिला अस्पताल में सीएमएस के सरकारी आवास के पास तेज आंधी और बारिश से शीशम का पेड़ गिरा गया था। अगले दिन बिना अधिकारियों को सूचना दिए पेड़ के कई टुकड़े कर मिट्टी की लेप लगा दिया गया ताकि किसी को पेड़ की पहचान नहीं हो सके। मामले का खुलासा होने के बाद पेड़ हटाने की कवायद शुरू हुई। इस बीच हल्के-हल्के पेड़ के टुकड़े कर लकड़ी गायब कर दी गई। बताया गया है कि ठेकदार की देखरेख में पूरा खेल हुआ है। एक ट्रॉली से ज्यादा पेड़ की लकड़ी गायब हो चुकी है। वहीं, जिला अस्पताल परिसर में बने सरकारी आवासों के बीच पेड़ के कीमती लकड़ी को पत्तों के बीच छुपाया हुआ हैं। यह टुकड़े किसने छुपाए और क्यों? किसी अधिकारी और कर्मचारी के पास इसका जवाब नहीं है। नीलामी के लिए वन विभाग टीम भी इसका मूल्यांकन नहीं कर सकी और शीशम के पेड़ की लाखों रुपये की लकड़ी गायब कर दी गई। पांच दिन पहले लकड़ी के मोटे-मोटे चार टुकड़े पड़े हुए थे, वहीं अब सिर्फ दो टुकड़े ही बचे हैं। बाकी टुकड़े कहां गए और कौन ले गया, पता नहीं है।
--
पेड़ के टुकड़े गायब और छुपाने की जानकारी मुझे नहीं है। वन विभाग को इसकी जानकारी दे दी गई थी। अगर पेड़ की लकड़ी गायब हुई तो मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. सुकुमार, सीएमएस, जिला अस्पताल