उझानी (बदायूं)।
कछला से जल लेकर निकले कांवड़ियों से बृहस्पतिवार को बरेली-मथुरा हाईवे गुलजार नजर आया। टोलियां बनाकर चल रहे शिवभक्तों ने रास्ते में धमाल मचा दिया। ट्रॉलियों पर लगे साउंड सिस्टम पर धार्मिक भजनों की धुन पर थिरकते कलाकारों ने बाजार में लोगों को भी रिझाया। बम-बम भोले से हाईवे गूंजता रहा।
बृहस्पतिवार को कांवड लेकर निकले शिवभक्तों में ज्यादातर टोलियां बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिले की थी। लखीमपुर खीरी जिले के गोला गोकर्णनाथ और शाहजहांपुर जिले में पटना देवकली के मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों में पीलीभीत के बरखेड़ा के रमेशपाल ने बताया कि सावन महीना विशेष पुण्य का होता है। प्रत्येक सोमवार को शिवालय में जलाभिषेक करने से पुण्य का लाभ कई गुना अधिक अर्जित होता है। शाहजहांपुर में कलान कस्बे के हरिओम के साथ तो उनके दोस्त भी शामिल रहे। वह पटना देवकली में जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों का कलाकारों ने मनोरंजन भी कराया। कांवड़ियों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर लगे साउंड सिस्टम पर शिव-पार्वती के भजन गूंजते रहे। भजनों की धुन पर कलाकारों संग कांवड़िये भी थिरके। बाजार में शिवभक्त दुकानदारों ने कांवड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इससे पहले कछला गंगाघाट पर शिवभक्तों ने जल भरने से पहले आस्था की डुबकी लगाई। कांवड़ पूजन किया। घाट पर भी बम-बम भोले की गूंज सुनाई दी। बताते हैं कि शनिवार और रविवार के दिन कांवड़ियों की संख्या में इजाफा होने लगेगा।