बदायूं। निकाय चुनाव में शहर में कोतवाली इलाके पर पुलिस-प्रशासन का किस कदर फोकस है, यह उसकी रणनीति साफ बयां कर रही है। प्रशासन ने शहर के 17 मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराने का निर्णय किया है, इनमें से पंद्रह कोतवाली इलाके के हैं।
जिले भर की नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर फोटो और वीडियोग्राफी के लिए जिला प्रशासन ने 201 कैमरों का वितरण किया है। अधिकतर स्थानों पर रोजगार सेवकों को वीडियोग्राफी में लगाया गया है। उन्हें कैमरे के साथ ही आठ जीवी डाटा की चिप, सेल और चार्जर दिए गए हैं। वीडियोग्राफी के लिए चयनित इन मतदान केंद्रों में से 17 केंद्र शहर के हैं। इनमें बदायूं कोतवाली क्षेत्र के अलीका पब्लिक स्कूल, सैयद मुनव्वर अली जूनियर हाईस्कूल, कबूलपुरा प्रथम और द्वितीय, कन्या जूनियर हाईस्कूल सराय फकीर, प्राथमिक पठशाला फरशोरी टोला, प्राथमिक विद्यालय मोहल्ला नागरान, राजकीय पशु चिकित्सालय, चुन्नीलाल धर्मशाला, शाहिद मैमोरियल इंटर कॉलेज कुरुऊ रोड, साहू धर्मशाला, रहमानिया स्कूल, गुलशन मांटेसरी स्कूल, प्राइमरी स्कूल सराय फकीर, बदायूं पब्लिक स्कूल के मतदान केंद्र शामिल हैं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एसके इंटर कॉलेज के पूर्वी और पश्चिमी मतदान केंद्रों के सभी बूथों पर वीडियोग्राफी कराई जाएगी।