भाजपा सांसद वरुण गांधी ने एक बार फिर सरकार पर जमकर निशाना साधा है। लखीमपुर सहित पूरे तराई इलाके में बाढ़ आई हुई है और लोगों को पर्याप्त मदद नहीं मिल पा रही है। इससे नाराज दिख रहे वरुण गांधी ने कहा है कि यदि ऐसी आपदा के समय भी सरकार लोगों की मदद करने के लिए सामने नहीं आती है, और लोगों को अपनी हर मदद स्वयं ही करनी पड़ेगी तो ऐसे में किसी सरकार की जरूरत ही क्या है।
हालांकि, पीलीभीत सांसद वरुण गांधी इस बाढ़ के दौरान स्वयं अपने लोगों के बीच पहुंचे हुए हैं और अपने हाथों से बाढ़ पीड़ितों को यथासंभव हर तरह की मदद पहुंचा रहे हैं। वे लोगों को सूखा राशन, पीने का पानी और नकद आर्थिक मदद भी कर रहे हैं।
वरुण गांधी ने गुरुवार को एक ट्वीट कर कहा कि लगभग पूरे तराई इलाके में इस समय बाढ़ आई हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश से नदियों में पानी भर गया है, जिसके कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है। पानी में लोगों के घर-खेत सहित पूरी पूंजी डूब गयी है और लोगों के पास सर छिपाने तक को जगह नहीं बची है। ऐसी स्थिति में लोग केवल सरकार और स्वयं सेवी संस्थाओं की मदद के भरोसे रह गए हैं। ज़्यादातर लोगों को इस समय पर उचित मदद नहीं मिल पा रही है।
लोगों को उचित मदद न मिल पाने से कष्ट में दिखे वरुण गांधी ने लिखा है कि यह देखकर बहुत कष्ट हो रहा है कि ऐसे समय में भी लोगों को सरकार की तरफ से मदद नहीं मिल पा रही है। इसी पीड़ा को व्यक्त करते हुए उन्होने लिखा है कि यदि ऐसे समय में भी लोगों को अपनी मदद स्वयं ही करनी है तो सरकार की जरूरत क्या है?
पहले भी वरुण गांधी बार-बार किसानों और स्थानीय नागरिकों के साथ खड़े दिखे। उन्होंने कई बार किसानों के हक में आवाज बुलंद करते हुए गन्ना समर्थन मूल्य बढ़ाने, किसानों की बात सुनने की अपील करते रहे हैं।