मुजफ्फरनगर जेल की महिला बैरक में बंद करने को लेकर भाजपा विधायक संगीत सोम का पारा हाई हो गया। उन्होंने बंदी-रक्षकों पर जमकर गुस्सा उतारा।
उन्होंने कहा कि कुछ बाकी रह गया हो, तो वह कसर भी पूरी कर लो। भाजपा विधायक सुरेश राणा और संगीत सोम समेत जानसठ ब्लॉक के प्रमुख वीरेंद्र को जेल की महिला बैरक में रखा गया है।
इस बात को लेकर विधायक संगीत सोम ने ऐतराज भी उठाया और जेल पहुंचते ही भड़क उठे। महिला बैरक में घुसने से पहले उन्होंने जमकर गुस्सा उतारा और बंदी रक्षकों पर खूब बरसे। उन्होंने कहा कि वह कोई अपराधी नहीं हैं, जो इस तरह से व्यवहार किया जा रहा है।
उत्तेजित विधायक ने यह तक कहा कि अगर कुछ और भी बाकी रह गया है तो वह कसर भी पूरी कर लो। बंदी रक्षक चुपचाप सुनते रहे और अधिकारियों के आदेशों का हवाला देते हुए विधायक को महिला बैरक में बंद कर दिया।
भारी सुरक्षा व्यवस्था
दोनों विधायकों के मुजफ्फरनगर जेल पहुंचने पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अतिरिक्त पुलिस बल के अलावा सीआरपीएफ और पीएसी लगाई गई है। दोनों विधायकों के यहां रहने तक जेल के मुख्य गेट पर पीएसी तैनात रहेगी।
रोक दी गई थी मिलाई
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शुक्रवार दोपहर दो बजे से पहले ही मिलाई पर रोक लगा दी गई थी। जितने लोग पहले जेल में प्रवेश कर चुके थे, उन्हें अंदर ही रोक लिया गया था, जबकि दोनों मुख्य प्रवेश द्वारों को बंद कर एंट्री पर भी रोक लगा दी गई थी।