गजरौला शिव के पास मालन नदी डूबे युवक के शव को निकालते ग्रामीण।
- फोटो : BIJNOR
गजरौलाशिव/मंडावर(बिजनौर)। उफान खाती मालन नदी में नहाने के लिए कूदे एक युवक की डूबकर मौत हो गई। परिजनों ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया।
गांव जंदरपुर निवासी शकील का बेटा आसिफ (18) मंगलवार दोपहर परिवार के दो साथियों मोईन और शफी के साथ मालन नदी की ओर घूमने गया था। पहाड़ों पर हो रही बारिश से मालन नदी उफान पर है। मालन नदी के रपटे पर आसिफ नहाने के लिए नदी की धारा में कूद गया। नदी की तेज धारा में वह डूबने लगा। उसे डूबता देखकर मोईन व शफी ने शोर मचा दिया, लेकिन आसपास मदद के लिए कोई मौजूद नहीं था। दोनों शोर मचाते हुए गांव पहुंचे और आसिफ के डूबने के बारे में बताया। परिजन व गांव वाले तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस भी मौके पर आ गई। गोताखोरों ने नदी में आसिफ की तलाश शुरू की। घटनास्थल से थोड़ी ही दूर तीन घंटे बाद आसिफ का शव बरामद हुआ। आसिफ का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव वालों का कहना था कि आसिफ के परिजन उसे मालन नदी की ओर जाने से रोक रहे थे। उसकी मां ने भी रोका था। परिजनों के मना करने के बाद भी वह मालन की ओर चला गया।