सरकारी अस्पताल में बंद पड़ी एक्सरे मशीन
धामपुर। छह माह बाद भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से सरकारी अस्पतालों में स्थापित एक्सरे मशीनों को चालू नहीं कराया गया है। धामपुर सीएचसी में पिछले छह माह से बंद पड़ी एक्सरे मशीन के कारण मरीजों को प्राइवेट सेंटरों पर एक्सरे कराने के लिए जाना पड़ रहा है।
नगर के विजय कुमार, नरेंद्र सिंह, पंकज कुमार का कहना है कि धामपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एक्सरे मशीन मार्च माह से बंद हैं। मशीन के बंद होने से मरीजों को एक्सरे प्राइवेट स्तर पर कराने पड़ रहे हैं। कोरोना का के मद्देनजर शिकायत करने के बाद भी विभाग ने अभी तक इस मशीन को चालू कराने का प्रयास नहीं किया है। वहीं, सीएचसी के प्रभारी डॉ. ओपी यादव का कहना है कि मार्च 2021 में एक्सरे मशीन का टेंडर खत्म हो गया है। अब नए ठेकेदार को कांट्रेक्ट होना है। वहीं, एसीएमओ डॉ. एसके निगम का कहना है कि जिले में बंद पड़ी एक्सरे मशीनों को चालू कराने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। उम्मीद है कि अगस्त माह के अंत तक एक्सरे की सभी मशीनें नए कांट्रेक्ट के बाद चालू हो जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जिले में चार अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना किया जाना प्रस्तावित है। इनमें एक प्लांट धामपुर के सौ बेड के अस्पताल में और एक स्योहारा सीएचसी में लगना है। धामपुर में आठ दस दिन के भीतर प्लांट लगने का काम शुरू हो जाएगा। इस प्लांट को विलक्लिंडा कंपनी की ओर से स्थापित किया जाएगा।