धामपुर में निजी अस्पताल के बाहर हंगामा करते परिजन।
- फोटो : DHAMPUR
उपचार के दौरान महिला की मौत, हंगामा
धामपुर। आरएसएम कॉलेज के तिराहे पर स्थित प्राइवेट अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत पर परिजनों ने देर शाम तक हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि दो रुपये उपचार में खर्च करने के बाद भी डॉक्टरों ने इलाज में घोर लापरवाही बरती है। जिससे महिला की मौत हुई है। सूचना पुलिस ने मौके पर जाकर जांच शुरू कर दी है। घटना की पुलिस को परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
रेहड़ थाने के गांव हसनपुर निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि उसने 31 मई को प्रसव पीड़ा होने पर अपनी पत्नी सविता 25 साल को धामपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। एक जून को आपरेशन से पुत्र पैदा हुआ। इस दौरान डाक्टरों ने कई बोतल खून भी चढ़ाया। पांच जून को डाक्टरों ने महिला को घर के लिए भेज दिया। लेकिन छह जून को हालत फिर से बिगड़ने के बाद उन्होंने महिला को फिर से धामपुर में आकर उसी अस्पताल में भर्ती कर दिया। 13 जून की शाम को महिला की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों ने अस्पताल में काफी देर तक हंगामा किया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हंगामे को शांत कराया। परिजनों का आरोप है कि डाक्टरों की ओर से उपचार में घोर लापरवाही होने से ही महिला की मौत हुई है। हालांकि डाक्टर एसके हुड्डा ने लगे आरोपों को गलत बताया है। कहा कि उनके द्वारा उपचार में किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं की गई है। घटना की तहरीर परिजनों की ओर से पुलिस को नहीं दी गई थी। कोतवाल का कहना है कि तहरीर मिलने पर पुलिस शव को कब्जे में लेकर रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई करेगी।