दो पौधे लगाकर भुगतनी होगी शांतिभंग की सजा
बिजनौर। यदि शांतिभंग की तो अब बिजनौर में अनोखी सजा मिलेगी। अब केवल जमानत कराकर पीछा नहीं छूटेगा, बल्कि दो पौधे लगाने होंगे और पूरे परिवार को इन पौधों की देखभाल भी करनी होगी। पौधे लगाने और उनकी देखभाल हो रही है या नहीं, तहसील टीम समय-समय पर इसे देखने जाएगी। यदि पौधा मरा तो समझिए जमानत भी रद्द। एसडीएम सदर ने यह पहल शुरू की है और चार आरोपियों को पौधे लगाने की शर्त पर ही जमानत भी दी है।
हर रोज पुलिस कई लोगों का शांतिभंग में चालान करती है। इन मामलों की सुनवाई एसडीएम कोर्ट में होती है। आमतौर पर एसडीएम कोर्ट शांतिभंग के आरोपी को दो जमानती लेकर जमानत पर रिहा कर देती है। बिजनौर सदर में अब शांतिभंग करने पर केवल जमानतियों के भरोसे जमानत नहीं मिलेगी, बल्कि आरोपी को एसडीएम कोर्ट में शपथपत्र भी देना होगा कि वह रिहा होते ही दो पौधे लगाएगा। इन पौधों को लगाकर इनकी देखभाल भी करनी होगी। इसमें उसकी मदद उसके परिवार के लोग भी करेंगे। यदि पौधे नहीं लगाए या फिर लगाए पौधे मर जाते हैं तो उसकी जमानत तक रद्द करने की चेतावनी भी दी जा रही है। एसडीएम सदर व अतिरिक्त मजिस्ट्रेट देवेंद्र सिंह ने इसी सप्ताह इस पहल को शुरू किया है। वहीं शांतिभंग के चार आरोपियों से दो पौधे लगाने का शपथपत्र लेकर ही छोड़ा है।
तहसील की टीम करेगी सत्यापन
शांतिभंग के आरोपी रिहा होने के बाद पौधे लगा रहे हैं या नहीं, इसका सत्यापन तहसील की टीम, जिसमें लेखपाल भी शामिल होंगे करेगी। यही नहीं, इस टीम में शामिल अधिकारी, कर्मचारियों को दो पौधे लगाने का शपथपत्र देने वाले लोगों की लिस्ट भी दी जाएगी। इससे जब भी वह उसके गांव या उस स्थान से निकलेंगे, जहां वह पौधे लगे हैं, उसका सत्यापन भी करेंगे। इसका मकसद है कि वह व्यक्ति न केवल पौधे लगाए, बल्कि उनकी देखभाल भी करे। हालांकि यदि पौधा किसी कारणवश बच नहीं पाता है तो उसे उसके स्थान पर दूसरा पौधा लगाना होगा।
शांतिभंग आरोपियों को दो पौधे लगाने का शपथपत्र देना होगा। रिहा होने के बाद वह दो पौधे लगाने होंगे और उस जगह का शपथपत्र में जिक्र करना होगा। मेरे पास अभी एसडीएम सदर का चार्ज आया है और अभी यह पहल शुरू की है। इसके तहत अभी चार शांतिभंग के आरोपियों को दो पौधे लगाने का शपथपत्र लेकर ही जमानत दी गई है।
- देवेंद्र सिंह, एसडीएम सदर बिजनौर