बिजनौर में पुलिस के आला अफसर पेद्दा की घटना की हर पहलू पर जांच करने में जुटे हैं। बाहरी लोगों का गांव में दखल था या नहीं इसकी भी गहनता से जांच की जा रही है। इस मामले में सबूत जुटाए जा रहे हैं। साथ ही अगर गलत नामजदगी हुई है तो ऐसे लोगों की भी मदद होगी।
आईजी बरेली जोन विजय सिंह मीणा व डीआईजी मुरादाबाद ओंकार सिंह के मुताबिक पेद्दा की घटना की गहनता से जांच की जा रही है। विवेचना में जो साक्ष्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप कार्रवाई होगी। दोनों अफसरों ने कहा कि सवाल छेड़छाड़ का नहीं है। गोली किसने चलाई, उन लोगों को सामने लाया जाएगा। पर्दे के पीछे छिपे ऐसे लोगों को बेनकाब किया जाएगा। घटना के दौरान बाहरी लोगों की मौजूदगी के सवाल पर अफसरों ने कहा कि सबूत के साथ इस मामले में बोलेंगे। जांच चल रही है। कुछ बाहरी लोगों के होने की बात सामने आई है। इसे देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि छेड़खानी किसके साथ हुई, यह विवेचना में सामने आएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की गलत नामजदगी बताई जा रही है। ऐसे लोगों का नाम निकालने का वे भरोसा तो नहीं देते, पर उनकी मदद जरूर की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह अभी तक जिले में इसलिए डेरा डाले हैं कि घटना की तह तक जाया जाए। घटना में किन लोगों का हाथ है और किसने गोली चलाई, यह बेनकाब होना जरूरी है।