बढ़ापुर क्षेत्र के ग्राम मुकंदपुर राजमल में चुनाव के बहिष्कार के दौरान जमा ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
बढ़ापुर में बढ़ापुर क्षेत्र में अनुसूचित जाति के बुलाकी सिंह हत्याकांड का खुलासा न होने से आक्रोशित मृतक के गांव मुकंदपुर राजमल के ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। दोपहर एक बजे तक किसी ने गांव में वोट नहीं डाला। डीएम व एसपी ने गांव में जाकर हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करने का आश्वासन दिया। अफसरों के आश्वासन पर गांव वालों ने वोट डाले।
गांव मुकंदपुर राजमल के बुलाकी सिंह की रविवार रात कार में सवार बदमाशों ने बाइक से घर लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी थी। महावीर सिंह व फिरोजी सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया था। चुनाव से पहले हुई इस घटना को लेकर पुलिस भी सकते में आ गई थी। मुकंदपुर राजमल अनुसूचित बाहुल्य गांव है। हत्याकांड का खुलासा न होने से आक्रोशित गांव वालों ने मतदान बहिष्कार का एलान कर दिया। सोमवार रात बुलाकी सिंह का शव गांव पहुंचा, लेकिन उसके परिजनों के खाड़ी देश से न आ पाने के कारण बुलाकी सिंह का अंतिम संस्कार नहीं किया गया। गांव के प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए बूथ नंबर 115 पर 920 वोट में से केवल दो वोट ही पड़े। दोपहर तक बूथ सूना रहा। इसका पता चलने पर डीएम सुजीत कुमार व एसपी संजीव त्यागी गांव पहुंचे और गांव वालों को समझाया। एसपी ने बताया कि हत्याकांड में सुराग मिल गया है। शीघ्र ही हत्याकांड का खुलासा होगा और हत्यारोपियों पर रासुका लगाने का भी आश्वासन दिया।
इस पर गांववालों ने दोपहर एक बजे से मतदान शुरू किया। मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी लाइन लग गई। गांव में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। मृतक बुलाकी सिंह का बेटा दीपू दोपहर को दुबई से लौटा। उसके लौटने के बाद शाम को गांववालों ने बुलाकी सिंह का अंतिम संस्कार किया।
67.72 प्रतिशत मतदाताओं ने डाले वोट
बढ़ापुर में गांव मुकंदपुर राजमल में बुलाकी सिंह की हत्या का खुलासा न होने के विरोध में गांव वालों ने मतदान का बहिष्कार किया था। दोपहर में डीएम सुजीत कुमार व एसपी संजीव त्यागी गांव पहुंचे। उन्होंने गांव वालों को हत्याकांड का जल्दी खुलासा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद सवा बजे गांव वालों ने मतदान किया। मतदान करने के लिए गांव के मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लाइन लग गई। मतदान का समय निकलने के बाद भी केंद्र पर लाइन लगी रही। पोलिंग पार्टी के कर्मचारियों ने भी मतदान नहीं रोका। करीब पौने आठ बजे तक बूथ पर मतदान हुआ। गांव में बने बूथ नपंबर 115 पर 920 मतदाता थे। इनमें से 623 ने मतदान किया। मतदान का प्रतिशत 67.72 प्रतिशत मतदान किया।