फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बढ़ापुर विधानसभा क्षेत्र में हुआ 65.38 प्रतिशत मतदान

Wed, 24 Apr 2019 12:06 AM IST
Deepak Sharma अमर उजाला ब्यूरो/बिजनौर
विज्ञापन
बढ़ापुर में मतदान करने के लिए महिलाओं की लगी लाइन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बिजनौर में मुरादाबाद लोकसभा की बढ़ापुर विधानसभा पर 65.38 प्रतिशत मतदान हुआ। 2014 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले इस बार मतदान 0.34 प्रतिशत अधिक हुआ है। 2014 के लोकसभा चुनाव में बढ़ापुर विधानसभा पर 65.04 प्रतिशत मतदान हुआ था।
विज्ञापन

मंगलवार को बढ़ापुर विधानसभा के मतदान केंद्रों पर सुबह से मतदाताओं की लाइन लगी रही। मतदाता अपने मत का प्रयोग करने में जागरूक दिखाई दिए। महिलाओं में मतदान को लेकर बहुत उत्साह रहा। बूथों पर पुरुषों से ज्यादा लंबी लाइन महिला वोटरों की लगी रही। गर्मी बढ़ने के साथ ही मतदाताओं की भीड़ तो घटी, लेकिन मतदान प्रतिशत नहीं गिरा। दोपहर में भी परिवार के साथ मतदाता वोट डालने के लिए आते रहे। शाम होते ही एक बार फिर से मतदान प्रतिशत बढ़ा।
गांवों में मजदूर और किसान शाम को मतदान करने के लिए केंद्रों पर पहुंचे। देहात में मतदान केंद्रों पर एक बार फिर से मतदाताओं की लाइन लग गई। कुछ मतदान केंद्रों पर पांच बजे के बाद भी लाइन देखी गई। मतदान का समय पूरा होने के साथ ही पोलिंग पार्टियों ने बूथ पर मौजूद मतदाताओं के वोट डलवाए।
विज्ञापन


कलागढ़ क्षेत्र में हुआ 64.67 प्रतिशत मतदान
कालागढ़ में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को मुरादाबाद सीट के लिए भिक्कावाला, हिदायतपुर, जामनवाला मतदान केंद्रों पर 64.67 प्रतिशत मतदान हुआ। सेक्टर मजिस्ट्रेट डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक हिदायतपुर, जामनवाला और भिक्कावाला के 11 बूथों पर 7,443 मतदाताओं ने मतदान किया। जिनमें 3881 पुरुष और 3562 महिला शामिल हैं। इन बूथों पर 11,508 मतदाता पंजीकृत है। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा हुआ। मतदान केंद्रों पर प्रधान  राखी काला, प्रधान पति विनोद काला और अय्यूब अंसारी ने सहयोग किया।

अमानगढ़ रेंज में वन गुर्जरों ने   भी किया मतदान
रेहड़। लोकसभा चुनाव तीसरे चरण का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। मतदान के लिए रेहड़ क्षेत्र में 29 मतदान केंद्रों पर 49 बूथ बनाए गए थे। अमानगढ़ वन रेंज में भी वन गुर्जरों के मतदान के लिए एक बूथ बनाया गया। सुबह साढ़े छह बजे से ही मतदान केंद्रों पर लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई थी। संवेदनशील मतदान केंद्र रेहड़ व हसनपुर में एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव तथा एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़ ने पुलिस बल के साथ मतदान स्थल का दौरा किया। एसपी संजीव त्यागी व डीएम सुजीत कुमार ने भी क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। कुछ स्थानों पर वीवीपैट मशीन खराब हो जाने के कारण मतदान प्रभावित रहा है। गेहूं की कटाई व गन्ना छिलाई के चलते श्रमिकों की मतदान में कम हिस्सेदारी रही। रेहड़ क्षेत्र के सेक्टर 18 में शामिल 15 मतदान केंद्रों व सेक्टर 15 में 14 मतदान केंद्रों पर तीन बजे तक लगभग 53 प्रतिशत मतदान हुआ।
विज्ञापन


बढ़ापुर विधानसभा में हुआ मतदान
समय        मतदान प्रतिशत
09 बजे        11.75
11 बजे        27.50
01 बजे        42.50
03 बजे        51.50
05 बजे        61
06 बजे        65.38
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें