नहटौर थाने मे हंगामा करते गांव कासमपुर लेखराज के ग्रामीण।
- फोटो : BIJNOR
नहटौर। चार दिन पूर्व गांव कासमपुर लेखराज में युवकों द्वारा मामूली विवाद के बाद घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में पुलिस द्वारा हल्की धाराओं में कार्रवाई करने को लेकर ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर हंगामा करते हुए नारेबाजी की। बाद में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
गांव कासमपुर लेखराज में चार दिन पूर्व विमला देवी के घर के सामने बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया था। ईदगाह निवासी मुन्ने अहमद ने साथियों के साथ विमला देवी के घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए विमला देवी, गर्भवती योगिता व बलराम के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की थी। ग्रामीणों ने तीन आरोपियों को दो बाइक के साथ पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घरों के खिड़की दरवाजे तोड़ने का वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई। आरोप हैं कि पुलिस ने हल्की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले को रफा दफा कर दिया। बुधवार को भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष तिलकराज सैनी विमला देवी व ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे और पुलिस पर हल्की धाराओं में कार्रवाई का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। तिलकराज सैनी ने पुलिस से वार्ता कर ग्रामीणों को पुलिस की कार्रवाई से अवगत कराया। प्रभारी निरीक्षक लव कुमार सिरोही ने बताया कि विमला देवी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएगी। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही है।