जलनिगम की गलती का खामियाजा भुगत रहे ग्रामीण
धामपुर। बिजली बिल जमा न करने पर 15 दिन पहले पानी की टंकी का कनेक्शन कट जाने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जलनिगम की गलती का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जलनिगम से कटे कनेक्शन जुड़वा कर शीघ्र पेयजल आपूर्ति शुरू करने की मांग की है।
बिजली निगम ने पुराना धामपुर पंचायत में स्थापित जलनिगम की पानी की टंकी के कनेक्शन को 15 दिन पहले काट दिया था। प्रधान के प्रयास के बावजूद भी अब तक नहीं जुड़ सका है। गांव के दिनेश कुमार, गोपेंद्र कुमार, दिलशाद, सलीम, बुंदू आदि बताया कि बिल जमा न करने की वजह से विद्युत निगम ने 24 जून को कनेक्शन काट दिया गया है। जलनिगम पर करीब 14 लाख बकाया है। गांव में साल 2007-08 में पानी की टंकी लगी थी। बताया गया कि तब से लेकर आज तक बिजली का बिल जमा नहीं हुआ है। पेयजल आपूर्ति न होने से पानी का संकट पैदा हो गया है। बताया गया कि गांव में करीब एक हजार से ज्यादा लोगों के पास टंकी के कनेक्शन हैं।
समय से बिल जमा हो जाता तो नहीं कटता कनेक्शन : प्रधान के पति
प्रधान के पति कफील अहमद का कहना है कि जलनिगम के अधिकारियों की गलती का खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। आज तक जलनिगम ने बिजली का बिल जमा ही नहीं किया। विकास विभाग के अधिकारियों के प्रयास से बिजली के बिल को जमा कराने का प्रयास किया जा रहा है। बताया गया कि पंचायत में धन की कमी है। टंकी के ऑपरेटर को भी पिछले 18 महीने से मानदेय तक नहीं दी गई है।
एसडीएम ने समस्या का निदान का दिया भरोसा
गांव के लोगों ने एसडीएम से मिलकर पानी की टंकी को जल्द चालू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेताया कि यदि जल्दी निदान नहीं हुआ तो प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ेगा। एसडीएम मनोज कुमार सिंह ने जल्दी समस्या का निदान कराने का भरोसा दिया है।