पुलिस हस्तक्षेप के बाद गांव बसेड़ा का विवाद खत्म
धामपुर। गांव बसेड़ा खुर्द में पांच दिन पहले हुआ विवाद पुलिस के हस्तक्षेप के बाद निपट गया है। आरोप है कि गांव में एक बिरादारी के कुछ लोगों ने गांव के सिख समुदाय के लोगों के साथ मारपीट की थी और उनके केस व दाढ़ी को खींचा था। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की थी। पीड़ित ने एसपी पूर्वी अनित कुमार से आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन आरोपी पक्ष के लोगों ने माफी मांग कर अपना पीछा छुड़ाया।
गांव के बबलू सिंह ने एसपी पूर्वी को बताया कि 30 जुलाई को एक सांप सड़क पर जा रहा था। उनके घर के पास दूसरी बिरादरी के कुछ लोगों ने सांप को देख यह समझा कि उन्होंने इस सांप को डंडे से डरा कर उनके घर की तरफ किया है। बताया गया कि इस मामले को दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए थे। आरोप है कि इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर उनके साथ, उनकी पत्नी रानी कौर, पुत्र राजेश सिंह, पिता वीर सिंह के साथ भी मारपीट की थी। यहां तक कि आरोपियों ने उनके केस और दाढ़ी को पकड़ कर उखाड़ने का प्रयास करते हुए अपमानित किया। कपड़े तक फाड़ डाले।
आरोप है कि उन्होंने रात में ही थाने में आकर घटना की शिकायत की। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जब कार्रवाई नहीं हुई तो वह सिख समुदाय के पदाधिकारियों के साथ मंगलवार को एसपी पूर्वी अनित कुमार से आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर मिले। जिस पर एसपी पूर्वी ने पुलिस को आरोपियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी पूर्वी से मिलने वालों में हरनाम सिंह, हरदयाल सिंह, सतविंदर सिंह, राज सिंह, राहुल कुमार, निरंजन सिंह, महेश सिंह, बसेड़ा गुरुद्वारा के प्रबंधक करन जीत सिंह, सचिव सौरन सिंह रहे।
उधर, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस कार्रवाई से पहले ही आरोपियों ने अपनी गलती मान ली। जिसके कारण आपस में समझौता होने के बाद मामला निपट गया है। समझौता होने के बाद भी पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों पर शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई कर चालान किया है।