धामपुर एसबीडी कॉलेज में आयोजित सेमिनार को संबोधित करते एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपत?
- फोटो : DHAMPUR
रुहेलखंड विवि के कुलपति ने नई शिक्षा नीति की महत्ता बताई
धामपुर। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति डा. केपी सिंह ने कहा है कि महिला शिक्षा को निरंतर प्रोत्साहित करने से ही समाज का संपूर्ण विकास संभव है। कुलपति ने स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर उनके विचारों और नीतियों की चर्चा की। उन्होंने नई शिक्षा नीति के महत्व के बारे में समझाया। कहा कि इस शिक्षा नीति की विकास के क्षेत्र में अहम भूमिका साबित होगी।
एसबीडी कालेज में बृहस्पतिवार को कृषि, किसान और विकास शीर्षक पर हुई संगोष्ठी में कुलपति ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के लागू होने से शिक्षा की गुणवत्ता में वृद्धि होगी। इस दौरान कुलपति ने टेबिल टेनिस हॉल का भी अनावरण किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किए। अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर, शॉल पहनाकर स्वागत किया गया। प्राचार्या डा. अर्चना सिंह ने विषय-समीक्षा की। इस मौके पर प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। जिसमें जैविक खाद, नवीन कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार एवं चौधरी चरण सिंह के जीवन के अनुभवों को आकार देते हुए छात्राओं द्वारा पोस्टर बनाए गए।
गोष्ठी में प्रगतिशील किसान अनिल कुमार ने जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित किया। चौधरी चरण सिंह राजकीय डिग्री कालेज छपरौली, बागपत के प्राचार्य डा. प्रतीत कुमार ने कहा कि किसी भी समाज के विकास के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम में मेजर डा. हिमांशु सिंह, प्रबंधक आरएसएम डिग्री कालेज रामनारायण सिंह, प्राचार्य डा. धीरेंद्र प्रताप सिंह रहे। अध्यक्षता व्यवस्थापक विजय कुमार अग्रवाल ने की। संचालन डा. विमला सिंह व डा. पूनम चौहान ने किया।