- बिजली संविदा कर्मियों ने एसपी से की मामले की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बिजली संविदा कर्मी एकत्र होकर शनिवार को एसपी नीरज कुमार जादौन से मिलने पहुंचे। उन्होंने उलेढ़ा बिजलीघर में घुसकर तोड़फोड़ करने और स्टेशन ऑफिसर के संग मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।
एसपी को दिए शिकायती पत्र में कहा कि उलेढ़ा बिजलीघर पर पुष्पेंद्र सिंह सब डिविजिनल स्टेशन आफिसर (एसएसओ) के पद पर तैनात है। आरोप है कि बृहस्पतिवार की देर शाम बिजलीघर के सिसौना फीडर पर फाल्ट होने के चलते ब्रेक डाउन हो गया। फाल्ट ढूंढने और ठीक करने के लिए कर्मचारी निकले हुए थे, जिन्हें रतनपुर के पास तार टूटे हुए मिले। तारों में आए फाल्ट को ठीक किया जा रहा था।
आरोप है कि इसी बीच गांव टूंगरी निवासी रोहन, निकुल, गजेंद्र, कोमल व आठ-दस अन्य लोग उलेढ़ा बिजलीघर पहुंच गए। आरोपियों ने गाली-गालौज करते हुए एसएसओ से मारपीट की। बिजलीघर में तोड़फोड़ कर दी। कंट्रोल रूम में घुसकर फीडर में बिजली चालू करने के लिए लीवर को ऑन-ऑफ किया। शिकायती पत्र देने वालों में पुष्पेंद्र, जोगेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, सतीश चंद, विशनचंद, रोहित कुमार, रचित कुमार, इंद्रपाल सिंह, सुनील कुमार आदि शामिल रहे।