बिजनौर में टोल प्लाजा पर चले लाठी-डंडे
- फोटो : amar ujala
बिजनौर के नूरपुर में फोरलेन पर ग्राम पुरैनी में स्थित टोल प्लाजा पर टोल की रसीद कटवाने को लेकर एक कार चालक की टोल कर्मियों से कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें एक-दूसरे पर लाठियां बरसाते हुए दिखाया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नूरपुर के मोहल्ला शहीद नगर निवासी शकील अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार की दोपहर करीब एक बजे वह नूरपुर से वाया धामपुर होते हुए कार से नगीना जा रहा था। जब वह ग्राम पुरैनी में स्थित टोल प्लाजा पर पहुंचा तो रसीद कटवाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि वहां मौजूद कर्मचारी कुलदीप व उसके कई साथियों ने उसके साथ न केवल बदसलूकी की बल्कि लाठी-डंडों के साथ उसके साथ मारपीट भी की। जिसमें उसे काफी चोटें भी आई हैं। उसने कुलदीप और उसके साथियों पर मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इस मामले में टोल प्लाजा के कर्मचारी कुलदीप ने शकील अहमद पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।