बेकाबू डीसीएम खोखे में घुसी, युवक की मौत
शेरकोट (बिजनौर)। शेेरकोट में अल सुबह करीब साढ़े चार बजे अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे चाय के खोखे में डीसीएम जा घुसी। खोखे में सो रहे दो भाइयों में से एक मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत भी गंभीर बनी हुई है। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। चालक रुद्रपुर से हरिद्वार जा रहा था।
मोहल्ला अचार जान निवासी शिवा (20) और उसका भाई अभिषेक (18) बैराज के पास हाईवे किनारे खोखा रखकर चाय की दुकान करते थे। बुधवार रात दोनों भाई देर रात तक काम करने के बाद खोखे में ही सो गए। बृहस्पतिवार सवेरे करीब साढ़े चार बजे अफजलगढ़ की ओर से आए अनियंत्रित डीसीएम खोखेे में जा घुसी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए ले जाते वक्त ही बड़े भाई शिवा की मौत हो गई। शिवा का छोटा भाई अभिषेक गंभीर रूप से घायल है। एसओ मनोज कुमार परमार ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया है। चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। चालक पीलीभीत निवासी वीर सिंह हैं। वह रुद्रपुर से हरिद्वार जा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिवा की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।