खाई में कार गिरने से दो युवकों की मौत
नगीना(बिजनौर)। टायर निकलने से अचानक अनियंत्रित हुई कार सड़क किनारे खाई में जा गिरी। जिसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए। अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
शनिवार को रामपुर के थाना स्वार निवासी 24 वर्षीय सिराज अहमद पुत्र सफदर अपने साथी यामीन 23 वर्ष निवासी गांव मिर्जापुर स्वार रामपुर के साथ कार में देहरादून से लौट रहा था। शनिवार दोपहर जब नगीना थाना क्षेत्र के ग्राम मझेडा के पास पहुंचे तो उनकी कार का अगला एक पहिया निकलने से संतुलन बिगड़ गया। कार असंतुलित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद गंभीर अवस्था में घायल सिराज को पुलिस नगीना सरकारी अस्पताल तथा यामीन को धामपुर सीएचसी ले गई, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। दोनों के परिजनों को पुलिस द्वारा सूचना दे दी गई है। बताया गया दोनों देहरादून में फर्नीचर का काम करते हैं।