पकड़े गए ऑन लाइन ठगी करने के आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में क्राइम ब्रांच और हल्दौर पुलिस ने झारखंड राज्य में छापा मारकर दस-दस हजार के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश लोगों को झांसे में लेकर उनके खाते से रुपये उड़ाते थे। पकड़े गए बदमाशों में एक शिक्षामित्र है। दोनों ने झारखंड में खातों से ऑनलाइन रकम उड़ाने के लिए ट्रेनिंग सेंटर भी खोल रखा था।
एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक हल्दौर थाने के गांव कुम्हारपुरा निवासी उदयराज सिंह ने 26 दिंसबर 2016 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके तीन बैंक खातों से ऑनलाइन 60 हजार रुपये अन्य खाते में ट्रांसफर करा लिए गए हैं। इस मामले में झारखंड राज्य के जिला दुमका थाना मुफ्फसिल के गांव हरना निवासी दमरूदर राय, हाथीमारा निवासी रामेश्वर हेमब्रम को नामजद किया गया था। दोनों पुलिस के हाथ नहीं आ रहे थे। दोनों के ऊपर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसपी ने पुलिस को दोनों को पकड़ने के निर्देश दिए थे।
क्राइम ब्रांच और हल्दौर पुलिस ने झारखंड में छापा मारकर वहां की पुलिस की मदद से दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी के मुताबिक पूछताछ के दौरान पता चला है कि रामेश्वर हेमब्रम प्राइमरी स्कूल में शिक्षामित्र है और आठ हजार रुपये महीना उसे वेतन मिलता है। दमरूदर राय बेरोजगार है। झारखंड के जिला जामताड़ा में ये एक ट्रेनिंग सेंटर खोलकर क्षेत्र के युवाओं को ठगी करने की ट्रेनिंग भी देते थे। इस ट्रेनिंग सेंटर से लोगों की लाटरी निकलने व अन्य तरह के बहाने बनाकर झांसा देकर ऑनलाइन उनके खातों से रकम ट्रांसफर करते थे। पकडे़ गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।