पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के सम्मेलन में बैठे मंच पर अतिथि ।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने कहा है कि ग्राम प्रधानों को मजबूत करने के लिए संगठन को और ज्यादा बल दिया जाएगा। पूरे सूबे में सम्मेलन होंगे। ग्राम प्रधानों के सम्मान की लड़ाई लड़ने को वह हमेशा तैयार रहेंगे। प्रधानों पर कभी कोई मुसीबत नहीं आने दी जाएगी।
एक फार्म हाउस में बृहस्पतिवार को संगठन के जिला स्तरीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि सुरेश शर्मा ने कहा कि प्रधानों को वह महत्व व सम्मान नहीं मिल रहा है, जिसके वह हकदार थे। विधानसभा चुनाव के दौरान सपा ने वादा किया था कि पार्टी की सरकार बनने के बाद पंचायतों के अधिकार व प्रधानों को सम्मानजनक मानदेय व सुरक्षा के साथ सम्मान दिया जाएगा।
संगठन ने चुनाव में मेहनत की। सरकार बने चार साल हो गए पर 2500 रुपये मानदेय के अलावा प्रधानों को कुछ नहीं मिला। सरकार अपने वादे से मुकर गई है। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों को सम्मान दिलाने में वह कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मुख्यमंत्री से मिलकर उनके सामने प्रधानों की समस्या रखकर उन्हें हल कराएगे। जिला पंचायत अध्यक्ष उदयनवीरा ने कहा कि वह प्रधानों की हर लड़ाई में उनके साथ खड़े रहेंगे।
ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष कामेंद्र तोमर ने कहा कि वह हमेशा ग्राम प्रधानों के हक और सम्मान की लड़ाई लड़ते रहेंगे। सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में 30 विभागों को पंचायतों के नियंत्रणधीन लाने, ग्राम प्रधान का पंचायत एक्ट की धारा 28 के तहत जनसेवक का दर्जा देने, प्रधान की दुर्घटना में मौत या हत्या होने पर परिवार को दस लाख रुपये देने ,नीति निर्धारण प्रकोष्ठ का गठन करने आदि की मांग की गई। गणेश ठाकुर, चमन सिंह, हरप्रीत सिंह, संसार सिंह आदि ने विचार व्यक्त किए। अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष उदयनवीरा और संचालन महताब चांद ने किया।