बिजनौर। प्रशासन के निर्देश पर नगर पालिका, ग्राम पंचायतों के सफाई कर्मियों से इंदिरा पार्क में सफाई तो करा दी गई, लेकिन कूड़ा नहीं उठाया। जगह-जगह एकत्र कूड़े में आग लगाने से कई पेड़ आग की चपेट में आ गए। पेड़ों की आग की सूचना पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
बरसात के मौसम में इंदिरा पार्क में नाले व बारिश का पानी भर जाने से पार्क की हालत बदतर हो गई थी। वन विभाग के संरक्षण में होने के बाद भी अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। नागरिकों ने पार्क की कुछ सफाई की थी तथा दोनों ट्रैक पूरी तरह से साफ कर दिए थे।
लेकिन ट्रैकों के बीच अभी भी कूड़ा व घास आदि खड़ी थी। शिकायत पर एडीएम प्रशासन राममूर्ति मिश्रा एवं बाद में डीएम बी चंद्रकला ने पार्क का निरीक्षण किया था और सफाई के निर्देश दिए थे। सात मई को नगर पालिका व ग्राम पंचायतों के सफाई कर्मियों के द्वारा पार्क की सफाई तो करा दी, लेकिन नगर पालिका ने कूड़ा उठवाने की कोई व्यवस्था नहीं की। इस कूड़े को आग लगाकर वहीं जलाने का प्रयास किया गया। शनिवार को कूड़े में लगी आग से पार्क के हरे-भरे पेड़ भी चपेट में आ गए।
एसडीओ सलील कुमार शुक्ला का कहना है कि एडीएम प्रशासन के निर्देश पर पार्क की सफाई हुई थी। पार्क में ट्रैक के बीच खड़े पेड़ों में आग लगने की उन्हें जानकारी नहीं थी। हरे पेड़ों के बीच आग लगाना गलत है। यदि विभाग में से किसी ने आग लगाई, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।