जलीलपुर। गंगा की बाढ़ के पानी से क्षतिग्रस्त बहसूमा-ठाकुरद्वारा स्टेट हाईवे पर मरम्मत के बाद आवागमन शुरू हो गया है। गांवों की आबादी में अब बाढ़ नहीं है मगर खेतों और खेत के रास्तों पर पानी भरा हुआ है, जिससे फसलें प्रभावित हो रही हैं।
बरसात के इस सीजन में पांडवनगर पुलिस चौकी के निकट गंगा का पानी बहने से स्टेट हाईवे दो बार क्षतिग्रस्त हो गया है। दोनों ही बार ब्लाक प्रमुख जलीलपुर कुंतेश देवी के पुत्र भाजपा नेता कपिल चौधरी ने निजी प्रयास से मरम्मत करा क्षतिग्रस्त सड़क को आवागमन योग्य बनाया है। एक सप्ताह से क्षतिग्रस्त सड़क में बनी खाई की मरम्मत कर दी गई है। शनिवार देर शाम से दिल्ली, मेरठ, गाजियाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, हरियाणा व उत्तराखंड के यात्रियों ने आवागमन शुरू कर दिया है। सड़क के ठीक होने से गांव नारनौर, खानपुर खादर, कमालपुर, जमालुदीनपुर आदि गांव के उन किसानों को बहुत राहत मिली है, जिनके खेत हस्तिनापुर मार्ग पर हैं।
फसलें होने लगी खराब
जलीलपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के गांवों में आबादी और गांव की मुख्य संपर्क सड़कों से पानी उतर जाने के बाद गांववासियों को बड़ी राहत है। आवागमन शुरू हो गया है। खेत और खेतों के रास्तों पर पानी भरा है। पानी से निकल कर पशुओं का चारा लाना अब भी समस्या बना है। गांव नारनौर से गंगा पुल को जाने वाली सड़क के निकट खेतों में लगातार पानी भरा होने से गन्ने की फसल खराब होने लगी है। खेतों के रास्तों पर दो-तीन फीट तक पानी भरा है।
एसडीएम चांदपुर प्रशांत वर्मा ने कहा जिन किसानों की फसलों में नुकसान है, उनका सर्वे कराया जाएगा। नियमानुसार किसानों की मदद की जाएगी।